विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कानपुर: मेट्रो ट्रैक से सटाकर खड़ी कर दी एक मंजिला इमारत, महापौर ने पहुंचकर रुकवाया काम

By Abhishek AgnihotriEdited By:
Published: Mon, 01 Nov 2021 06:44 PM (IST)

कल्याणपुर जाते समय महापौर प्रमिला पांडेय की रेलवे स्टेशन रावतपुर पर नजर पड़ी तो मेट्रो ट्रैक से सटकर एक मंजिला ...और पढ़ें

महापौर प्रमिला पांडेय ने पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
महापौर प्रमिला पांडेय ने पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।

कानपुर, जागरण संवाददाता। मेट्रो ट्रैक से सटाकर रेलवे स्टेशन रावतपुर के पास एक मंजिला इमारत खड़ी कर दी। केडीए के दस्ते की इस पर नजर नहीं पड़ी, लेकिन महापौर ने पकड़ लिया। मौके पर ही उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के एमडी को जानकारी दी। यूपीएमआरसी के अफसरों ने खुद का निर्माण न होने की बात कही। 

रविवार को कल्याणपुर जाते समय महापौर प्रमिला पांडेय की रेलवे स्टेशन रावतपुर पर नजर पड़ी तो मेट्रो ट्रैक से सटकर एक मंजिला तक दुकानें बनती दिखीं। कार रुकवाकर यूपीएमआरसी के एमडी कुमार केशव से फोन पर बात की कि यहां पर रेलवे लाइन के किनारे कुछ दुकानदार अपनी दुकानों को एक मंजिला तक बना रहे हैं। इससे भविष्य में कोई दुर्घटना घट सकती है। बाद में मेट्रो के अफसर अरविंद कुमार ने महापौर को बताया कि मेट्रो द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है। महापौर ने बताया कि वह खुद अफसरों से सोमवार को बात करेंगी। केडीए के जोन एक के प्रवर्तन प्रभारी एके सिंह ने बताया कि सोमवार को टीम भेजकर जांच कराई जाएगी, अवैध है तो सील किया जाएगा।

व्यावसायिक निर्माण में पार्किंग दिखावा: कई जगह व्यावसायिक निर्माण हो रहे हैं, लेकिन पार्किंग दिखावा बनी है। इसके चलते जाम लग रहा है। एक तरफ शहर को स्मार्ट बनाने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था सुधार की बात चल रही है। वहीं इमारतें बिना पार्किंग के या दिखावा मात्र बन रही हैं। सीसामऊ बाजार, पीरोड, किदवईनगर, श्यामनगर, पनकी, काकादेव, शास्त्री नगर समेत कई जगह बिना पार्किंग के इमारतें खड़ी हो रही हैं।

महापौर ने की थी कार्रवाई: मेट्रो के रूट पर इससे पहले मोतीझील के पास मेट्रो की ओर से सड़क किनारे कब्जा करके पक्के मकान बना लिए गए थे। अवैध निर्माण की भनक जैसे ही महापौर प्रमिला पांडेय को लगी तो उन्होंने नगर निगम दस्ते को बुलाकर निर्माण को ध्वस्त करा दिया था। सड़क किनारे हुए निर्माण की वजह से रूट पर जाम लग रहा था जिसकी शिकायत महापौर से की गई थी। रावतपुर पर एक बार फिर निर्माण को देखकर महापौर ने एक्शन लिया है।