प्रवासी श्रमिकों को लेकर राजस्थान से हमीरपुर जा रही बस खड्ड में गिरी, मची चीखपुकार, 35 घायल
देर रात हुआ बस के अनियंत्रित होने से हुआ हादसा भट्ठा में काम करने वाले थे सभी मजदूर।
इटावा, जेएनएन। पास में खाने के भी पैसे न होने से परदेश से घर लौटने को मजबूर प्रवासी मजदूरों का हादसा भी पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। औरैया में हुए हादसे के बाद श्रमिकों से भरे वाहन आए दिन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा गुरुवार रात इटावा में हुआ। बस के अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरने से करीब 35 श्रमिक घायल हो गए, जिनमें दस की हालत गंभीर है।
घायलों ने ही एक दूसरे को बस से बाहर निकाला
राजाखेड़ा राजस्थान से राठ हमीरपुर जा रही श्रमिकों से भरी बस गुरुवार रात बिठौली थाना क्षेत्र के गांव पहलन मोड़ पर अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। जिसमें बच्चों सहित सवार करीब 35 प्रवासी बस में फंस गए। बस के गिरते ही सवारियों में चीख पुकार मच गई। बस में सवार लोगों ने एक दूसरे की मदद कर सभी घायलों को एक घंटे में बाहर निकाला। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। हादसे के बाद चालक, परिचालक और क्लीनर बस छोड़कर भाग गए। बस में सवार सभी लोग भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक थे।
उन्होंने भट्ठा मालिक को सूचना दी। जिसके बाद घायलों को पुलिस और एम्बुलेंस की सहायता मिल सकी। हादसे में 35 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। श्रमिकों ने भट्ठा मालिक पर खाना और मजदूरी न देने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची बिठौली व सहसों पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि घायलों का राजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है, सभी लोग खतरे से बाहर हैं।