सैफई में मांगलिक कार्यक्रम में अखिलेश ने लिया चाचा शिवपाल का आशीर्वाद, फिर बनाई दूरी
इटावा के पैतृक निवास सैफई में पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव की बहन की शादी तय होने पर गोद भराई कार्यक्रम में आए पूर्व मुख्यमंत्री सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव का आमना सामना हुआ।
इटावा, जेएनएन। सपा से नाता तोड़कर प्रसपा का गठन करने के बाद से चाचा शिवपाल और भतीजे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीच तल्खी अभी बरकरार हैं। हालांकि पारिवारिक सम्मान करने से पूर्व मुख्यमंत्री कतई नहीं पीछे हटते हैं, ऐसा ही नजारा रविवार को सैफई में परिवारिक मांगलिक कार्यक्रम में नजर आया।परिवार के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की बहन शादी तय होने पर गोद भराई रस्म के कार्यक्रम में आए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का सामना चाचा शिवपाल से हुआ तो उन्होंने झट से पांव छूकर आशीर्वाद लिया। लेकिन, फिर तुरंत ही दूरियां भी बना लीं और कोई वार्ता नहीं हुई।
मुलायम परिवार के पैतृक गांव सैफई में रविवार को पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की बहन दीपाली यादव की शादी तय होने पर गोद भराई रस्म का कार्यक्रम हुआ। इसमें सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी पहुंचे। अखिलेश यादव का चाचा शिवपाल यादव से आमना सामना हुआ। सामने आते ही अखिलेश ने चाचा के पांव छुए और आशीर्वाद लिया। समारोह के लिए बनाए गए पंडाल में चाचा-भतीजा एक दूसरे से दूरी ही बनाए रहे। पंडाल के एक तरफ शिवपाल सिंह यादव बैठे, जबकि दूसरी तरफ अखिलेश यादव बैठे रहे। कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, बिहार के राजद नेता तेजस्वी यादव व तेज प्रताप यादव भी पहुंचे। शिवपाल सिंह यादव अपनी पत्नी सरला यादव के साथ पहुंचे थे।
बताया गया है कि पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की बहन दीपाली यादव की सगाई चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रो. अश्वनी यादव के साथ हुई है। अश्वनी यादव फिरोजाबाद जनपद के जसराना के पास ग्राम फरीदा के रहने वाले हैं। पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के पिता अभयराम सिंह यादव ने अश्वनी यादव काे तिलक लगाया। पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव बिहार के राजद नेता तेजस्वी यादव व उनका भाई तेज प्रताप सिंह यादव सपा के बहनोई हैं।