कानपुर में हेल्थ वर्कर्स को दूसरी डोज के वैक्सीनेशन में बदलाव, शासन ने तय किया दिन
कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के पहले दिन 439 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज दी गई थी। अब शासन से नए निर्देश आने के बाद उन्हें 15 फरवरी को दूसरी डोज देने की तैयारी की जा रही है।
कानपुर, जेएनएन। जिले में कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की पहली डोज डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों (हेल्थ वर्कर) को 16 जनवरी को लगाई गई थी। पहले दिन 439 हेल्थ वर्कर को वैक्सीन लगाई गई थी। अब उन्हें दूसरी डोज 28 दिन बाद लगाई जाएगी, जो 13 फरवरी को पूरा हो रहा है। मगर, वैक्सीनेशन कार्ड में वैक्सीन लगाने का दिन 15 फरवरी दर्ज किया गया है, जो कि सोमवार को पड़ेगा।
पहले दिन के वैक्सीनेशन के बाद शासन ने दिन में बदलाव किया है। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. जीके मिश्रा का कहना है कि पहले दिन वैक्सीन लगवाने वाले हेल्थ वर्कर को 15 फरवरी को ही वैक्सीन लगाई जाएगी। उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। छह सेंटर में 439 हेल्थ वर्कर का ही वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्हें सूचना पहले से है, इसलिए बदलाव करने से असमंजस हो सकता है। शासन से टीकाकरण के लिए नई तारीख 22, 28 और 29 जनवरी मिली है। टीकाकरण नए दिन गुरुवार एवं शुक्रवार को ही कराया जाएगा।
हेल्थ वर्कर समझाएं, अधिकतम वैक्सीनेशन कराएं
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में वैक्सीनेशन कम होना आश्चर्य की बात है। इसमें सुधार कराएं। डॉक्टर एवं हेल्थ वर्कर को समझाएं और अधिकतम वैक्सीनेशन कराएं। यह निर्देश मंगलवार को लखनऊ से चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. रजनीश दुबे ने वीडियो कांफ्रेंङ्क्षसग के जरिए दिए। कलेक्ट्रेट के एनआइसी हॉल में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आरबी कमल समेत अन्य पदाधिकारियों को दिए।
उन्होंने प्राचार्य प्रो. कमल से पूछा कि आपके सेंटर में 100 में से सिर्फ 40 को ही वैक्सीन लगी है। इसकी वजह क्या है। पता चला है कि आपने भी वैक्सीन नहीं लगवाई है। इस पर प्राचार्य प्रो. कमल ने बताया कि पहली लिस्ट में नाम नहीं था। इसलिए दूसरी लिस्ट में अपना नाम जुड़वाया और फिर वैक्सीन लगवाई। डॉ. दुबे ने कहा कि हेल्थ वर्कर को समझाएं और अधिक से अधिक वैक्सीनेशन कराएं। अपने यहां सौ फीसद वैक्सीन लगवाएं। इस दौरान उप प्राचार्य प्रो. रिचा गिरि, डॉ. मनीष ङ्क्षसह, डॉ. सौरभ अग्रवाल एवं डॉ. अनंत सचान मौजूद रहे।