बीमारी के चलते दस दिन पहले पति की गई थी जान, अब आत्मदाह कर पत्नी ने चुनी मौत
केरोसिन डालने के बाद गैस खोलकर लगाई आग। महिला को बचाने में जेठ भी बुरी तरह से झुलसा। घर में चल रही थी दसवां की तैयारी। दवंगत महिला के बड़े भाई गिरवां के घुरौंदा गांव निवासी मनोज त्रिपाठी ने बताया कि सुधीर कुमार दूर संचार विभाग में गार्ड थे।
बांदा, जेएनएन। पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ेरी निवासी सुधीर कुमार की बीमारी के चलते दिल्ली में मौत हो गई थी। घर में दसवां की तैयारी चल रही थी। पति की मौत के बाद गुमसुम रहने वाली 26 वर्षीय पत्नी अंजना ने रविवार सुबह कमरे को बंद कर अपने पहले अपने ऊपर केरोसिन डाला और फिर उसके बाद में गैस सिलिंंडर खोलकर आग लगा ली। घर में मौजूद जेठ सुनील व अन्य स्वजन ने कमरे से धुआं निकलते देखा तो घबराकर उन्होंने दरवाजा तोड़ा। तब कमरे के अंदर महिला आग का गोला बनी मिली। जब तक जेठ उस महिला को बचाता तब तक पूरी तरह से झुलस चुकी थी और उसे बचाने में जेठ भी झुलस गया। स्वजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर आए। जहां से उपचार के बाद हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने अंजना को कानपुर रेफर कर दिया। स्वजन के कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
दिवंगत महिला के बड़े भाई गिरवां के घुरौंदा गांव निवासी मनोज त्रिपाठी ने बताया कि सुधीर कुमार दूर संचार विभाग में गार्ड थे। किडनी की बीमारी के चलते नौ दिन पहले उनकी दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इससे उनकी बहन डिप्रेशन का शिकार हो गई थी। इसीलिए उसने ये कदम उठाया।
एक ही घर में दो बहनों की हुई है शादी
स्वजन ने बताया कि अंजना की बड़ी बहन वंदना की शादी भी उसके जेठ सुनील के साथ हुई है। इससे दोनों बहनें ससुराल में आपस में देवरानी-जेठानी भी हैं। चंद दिनों के अंदर ही घर में दो लोगों की मौत होने से मायके व ससुराल पक्ष बेहाल हो गया।