LIVE Coronavirus Kanpur : कानपुर में पार्षद समेत 15 नए संक्रमित मिलने के बाद संख्या हुई 365, उन्नाव व फर्रुखाबाद में भी पांच प्रवासी कामगार मिले पॉजिटिव
Kanpur Coronavirus News LIVE Update पखवारे भर बाद लगातार दो दिन में कुल 27 संक्रमित मिले जिले में एक्टिव केस बढ़कर हुए 53।
कानपुर, जेएनएन। बीते एक पखवारे में कोरोना संक्रमण फैलने की गति पर लगा अंकुश हट सा गया है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन दहाई के अंक में कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई हैं। गुरुवार की रात 12 कोरोना संक्रमित मिले थे, जबकि शुक्रवार को आई रिपोर्ट में संक्रमितों की संख्या 15 रही। इनमें बर्रा दो में रहने वाले एक पार्षद भी शामिल हैं। कानपुर में अब कुल संक्रमितों की संख्या 365 हो गई है। इनमें से 11 की मौत हो चुकी है, जबकि 301 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। शुक्रवार को एक्टिव केस की संख्या 53 पर पहुंच गई।वहीं उन्नाव में दो महिलाओं समेत तीन, जबकि फर्रुखाबाद में दो प्रवासी कामगार संक्रमित मिले हैं।
फर्रुखाबाद और उन्नाव में मुंबई व अहमदाबाद से लौटे प्रवासी निकले संक्रमित
फर्रुखाबाद के कंपिल थानाक्षेत्र के गौडख़ेड़ा का एक परिवार के सात लोग अहमदाबाद में रहकर प्लास्टिक की फैक्ट्री में काम करते है। विगत 25 मई को यह लोग ट्रेन से इटावा आए और यहां से बस से भोजपुर स्थित मेडिकल कालेज भेजा गया। शुक्रवार रात इनमें एक 17 वर्षीय किशोर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं कंपिल के भुडिय़ा खेड़ा निवासी 25 वर्षीय युवक पत्नी के साथ 24 मई को दिल्ली से आया था। दोनों को भोजपुर मेडिकल कालेज में रखा गया। युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और पत्नी निगेटिव। उधर उन्नाव के हिलौली ब्लाक क्षेत्र तीन दिन पहले प्रवासी कामगार मुंबई से आए थे। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमित मिले मरीजों का सैंपल गुरुवार को लेकर जांच के लिए भेजा गया था जिसकी रिपोर्ट शनिवार को आई है। उनके मुताबिक तीनों संक्रमितों को मोतीनगर के क्लासिक लॉन शेल्टर होम में ठहराया गया हैं। वहां ठहरे 38 प्रवासियों में से 15 का सैंपल लिया गया था जिनमें तीन पॉजिटिव मिले हैं। तीन नए मरीजों के साथ जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है जिनमें छह ठीक होकर घर जा चुके हैं अब कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 27 हो गई है।
संक्रमितों में डिप्टी पड़ाव निवासी दो परिवारों के सात लोग शामिल
शुक्रवार को आई रिपोर्ट में डिप्टी पड़ाव में रहने वाले दो परिवारों के सात लोग संक्रमित हैं। ये सभी लोग दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए थे। इनमें 10 वर्षीय बच्चा, 15 वर्षीय किशोरी, 14 वर्षीय किशोर, 59 वर्षीय अधेड़, 60 वर्षीय वृद्धा, 50 व 39 वर्षीय दो महिला शामिल हैं। इसके अलावा बर्रा दो के ईडब्ल्यूएस में रहने वाले 45 वर्षीय पार्षद और शिवनगर निवासी उनके प्रतिनिधि में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। अहमदाबाद से आई बिठूर के ईश्वरीगंज निवासी 27 वर्षीय महिला, साकेतनगर की 50 वर्षीय महिला, हलीम परिसर में रहने वाली 40 वर्षीय महिला और कैंट गोलाघाट की नई बस्ती में रहने वाला 27 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिला है। ककवन के फत्तेपुर निवासी 27 वर्षीय महिला में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरुवार को उसके पति एवं भतीजी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
रामा मेडिकल कॉलेज में कराए गए भर्ती
सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला के मुताबिक शुक्रवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एवं लखनऊ के ङ्क्षकग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) की कोविड-19 लैब से आई रिपोर्ट में 14 पॉजिटिव केस सामने आए। अगरतला राजधानी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार के वेंडर बिहार के दरभंगा निवासी 34 वर्षीय युवक को शामिल करने के बाद संक्रमितों का आंकड़ा 15 पर पहुंच गया। इनमें नौ महिलाएं शामिल हैं। सभी को मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मुंबई संगीत सीखने गया युवक संक्रमित
बर्रा-2 की नई बस्ती निवासी 20 वर्षीय युवक संगीत सीखने मुंबई गया था। वहां से लौटने के बाद वह पनकी में क्वारंटाइन था, जहां कोरोना की जांच कराई। गुरुवार को उसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
सिपाही नहीं अज्ञात है पॉजिटिव
महाराजपुर थाने का सिपाही संक्रमित नहीं है, बल्कि वह 70 वर्षीय अज्ञात को लेकर हैलट अस्पताल आया था। सिपाही ने अस्पताल में अपना पता दर्ज कराया था। अज्ञात मरीज में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर सिपाही को संक्रमित बता दिया गया था।