Kanpur Corona Hotspot : शहर के 13 हॉटस्पॉट में भी मिलेंगी जरूरी सेवाएं, प्रशासन ने की ऐसी व्यवस्था
हॉटस्पाॅट क्षेत्र के लोग आपात स्थितियों में यूपी-112 या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
कानपुर, जेएनएन। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में हॉटस्पॉट के तौर पर चिह्नित 13 क्षेत्रों में सख्ती जरूर बढ़ेगी, लेकिन मायूस न हों। यहां जिंदगी ठहरेगी नहीं बल्कि कुछ शर्तो के साथ चलती रहेगी। दैनिक जीवन में प्रयोग होने वाली आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। आपात स्थितियों में पुलिस के यूपी-112 या अन्य हेल्पलाइन नंबर इस्तेमाल कर मदद ले सकते हैं।
हॉटस्पॉट वाले इलाकों में होम डिलीवरी करने वाली दुकानें बंद रहेंगी। प्रशासन खुद आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी कराएगा। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और सफाई कर्मचारी ही इन इलाकों में जा पाएंगे। यहां रहने वाला कोई भी व्यक्ति तय लक्ष्मण रेखा के बाहर नहीं जाएगा। दूसरे क्षेत्रों के लोग भी नहीं आ सकेंगे। लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।
डीएम डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि हॉटस्पॉट से इतर शहर के अन्य क्षेत्रों में पूर्ववत व्यवस्था लागू रहेगी। अगर हालात सुधरे और लोगों में शारीरिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) की जागरुकता दिखी तो धीरे-धीरे अन्य क्षेत्रों में दुकानें खोलने पर विचार किया जा सकता है। कोशिश की जा रही है कि लोगों के बीच कोरोना का प्रसार रोका जा सके। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट में हम सामुदायिक संक्रमण के बिलकुल किनारे बैठे हैं। मानव जीवन बचाने के लिए कठोर निर्णय लेना जरूरी है। कुछ दिनों तक समस्याएं आएंगी, लेकिन आने वाले दिन उतने ही सुखद होंगे।