भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पर खौलता तेल फेंका, कार में तोडफ़ोड़ Kanpur News
भाई की लापता बेटी के बारे में जानकारी करने के लिए बुलाये जाने से नाराज पिता पुत्र हमलावर हो गए।
कानपुर, जेएनएन। शहर में महिला सुरक्षा को लेकर किये जाने वाले दावों पर उस समय सवालिया निशान लग गया, जब भाजपा की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पर हमला हो गया। कल्याणपुर क्षेत्र में पिता-पुत्र ने उनपर खौलता तेल फेंक दिया। हमलावरों ने उनकी कार में तोडफ़ोड़ की और जानमाल की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित पिता पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की है।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज सिंह शास्त्रीनगर में रहती है। कल्याणपुर थाने में तहरीर देकर उन्होंने बताया कि 17 जनवरी को भाई महेश सिंह की बेटी लापता हो गई थी। उसकी तलाश में परिवार वाले जुटे हुए थे। रविवार रात वह स्वजनों संग पंचवटी के झंडा चौराहा निवासी अपने भाई के घर गई थीं। वहां भतीजी के संबंध में जानकारी करने के लिए भाई के पड़ोसी विजयपाल भदौरिया और उनके बेटे विष्णु को भी बुलाया।
आरोप है कि इससे नाराज होकर पिता-पुत्र ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने घर के बाहर खड़े ठेले में रखी कढ़ाई का खौलता तेल उनके ऊपर फेंक दिया। सरोज तुरंत घर के अंदर भागीं, जिससे वह बच गईं। आरोप है कि इसके बाद पिता-पुत्र ने उनकी कार पर पथराव कर दिया। थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि भाजपा नेता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपितों की तलाश जारी है।