कानपुर की सुनाक्षी का सपना हुआ पूरा, मिलेंगे 46 लाख रुपये Kanpur News
160 देशों से 1800 छात्र-छात्राओं में सुनाक्षी शामिल हैं अब लंदन स्कूल ऑफ इकोनोमिक्स से पब्लिक पॉलिसी की पढ़ाई करेंगी।
कानपुर, जेएनएन। सेंटर फॉर वूमेंस डेवपलमेंट स्टडीज नई दिल्ली में रिसर्च एसोसिएट के पद पर कार्यरत शहर की बेटी सुनाक्षी बाजपेयी को यूके सरकार की प्रतिष्ठित शेवनिंग स्कॉलरशिप प्रदान की गई है। 160 से अधिक देशों से 1800 छात्र छात्राएं इस स्कॉलरशिप के लिए चुने गए जिसमें सुनाक्षी शामिल हैं। फॉरेन कॉमनवेल्थ ऑफिस की ओर से दी गई 46 लाख रुपये की स्कॉलरशिप के लिए उन्होंने देश से चुने गए 50 मेधावियों में अपनी जगह बनाई है। स्कॉलरशिप से वह लंदन स्कूल ऑफ इकोनोमिक्स से पब्लिक पॉलिसी से स्नातकोत्तर की पढ़ाई करेंगी, इस पाठ्यक्रम की समयावधि एक वर्ष होगी।
दिव्यांगों पर अध्ययन रहा विषय
दबौली में अपने माता पिता के साथ रहने वाली सुनाक्षी ने मरियमपुर स्कूल से 12वीं पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने आइएमएस गाजियाबाद से बीटेक व टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल स्टडीज से समाज कार्य में स्नातकोत्तर किया है। उनका विषय दिव्यांग अध्ययन रहा। सेंटर फॉर वूमेंस डेवलपमेंट स्टडीज नई दिल्ली में रिसर्च एसोसिएट से पहले वह इंफोसिस, टाटा स्टील रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी जमशेदपुर समेत कई अन्य कंपनियों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांगों के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ काम किया है। उनके पिता सुरेंद्र नारायण बाजपेयी वित्तीय सलाहाकार व मां गीतांजलि बाजपेयी भी कामकाजी महिला हैं। उनकी छोटी बहन कृतिका बाजपेयी इंडिगो में कार्यरत हैं।
परिवार की पहली सदस्य देश से बाहर जाकर पढ़ेगी
सुनाक्षी ने बताया कि वह परिवार की पहली सदस्य हैं जो देश से बाहर जाकर पढ़ाई करेंगी। शनिवार को वह यूके लिए रवाना हो जाएंगी। उनके माता पिता के अलावा पति मानस शुक्ला ने साथ दिया।