जगह-जगह लगा जाम, परेशान रहे वाहन सवार
बारिश के बाद जलभराव से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई रास्तों पर वाहन सवार जाम से जूझते रहे।
जागरण संवाददाता, कानपुर : बारिश के बाद जलभराव से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई रास्तों पर वाहन सवार जाम से जूझते रहे। जलभराव में गुजरे कई वाहन तो बीच रास्ते ही बंद हो गए। इसके बाद सवार पैदल उन्हें खींचकर ले गए।
वीआइपी रोड पर तो घुटने तक पानी भरा था। इससे सैकड़ों वाहन रुक गए। वापस मुड़कर वह ग्वालटोली व कर्नलगंज होकर निकले। ग्वालटोली थाने के आगे नाले के पास भी घुटने से ऊपर तक पानी भर गया। यहां बीच रास्ते कई वाहन इंजन तक पानी में डूब जाने से खराब हो गए। जेके मंदिर के पास, पनचक्की चौराहा, फूलबाग, परेड, मुरे कंपनी पुल के नीचे और टाटमिल पर भी सड़क पर पानी भर जाने से वाहन रेंगते रहे। छोटे वाहन सवार जाम से बचने को इधर उधर गलियों में रास्ता खोजते रहे। दक्षिण क्षेत्र में जूही खलवा पुल व गोविद नगर में जाम लग गया। यातायात सुचारु कराने में पुलिस को काफी मसक्कत करनी पड़ी।
----
हादसे के बाद लखनऊ हाइवे पर भी लगा जाम
कानपुर : रविवार दोपहर हरजेंदर नगर में मार्ग दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते रामादेवी चौराहे से आगे मंगला विहार तक जाम लग गया। इसका असर हाईवे की सर्विस लेन पर भी पड़ा। करीब आधे घंटे तक लोग जाम से परेशान रहे। जाजमऊ गंगापुल से पहले भी सड़क धंसने के कारण यातायात धीमा चलता रहा। रुक-रुककर हाईवे पर जाम लगता रहा। लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहन सवार ज्यादा परेशान हुए, क्योंकि उन्हें निकलने के लिए रास्ता ही नहीं मिल पा रहा था। (जासं)