शहर कांग्रेस कमेटी हुई भंग, अब नए सिरे से चुने जाएंगे पदाधिकारी Kanpur News
चुनाव में भितरघात करने वालों पर कार्रवाई के लिए बनी कमेटी आल इंडिया कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने जारी किए निर्देश।
कानपुर, जेएनएन। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश की सभी जिला व शहर कमेटियों को भंग कर दिया है। इसके साथ ही 151 सदस्यों की शहर कांग्रेस कमेटी का अस्तित्व भी समाप्त हो गया। अब नए सिरे से पदाधिकारियों का चयन होगा। हालांकि नई कमेटी चुने जाने तक वर्तमान अध्यक्ष कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में काम करते रहेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के लिए पत्र जारी कर तत्काल प्रभाव से जिला कमेटियों को भंग कर दिया। इसके साथ ही दो सदस्यीय टीम का भी गठन किया गया जो पूर्वी और पश्चिमी यूपी में विधानसभा के उपचुनावों की तैयारियां व प्रबंधन करेगी। लोकसभा चुनाव में भितरघात करने वालों को भी सबक सिखाया जाएगा। इसके लिए भी तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी चुनाव में अंदरखाने विरोध करने वालों के खिलाफ आई शिकायतों का परीक्षण करेगी। सूत्र बताते हैं कि ऐसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में संस्थागत बदलाव की जिम्मेदारी कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू को दी गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए निर्णय बाद में लिया जाएगा।
फ्रंटल संगठन भी समाप्त
शहर कांग्रेस कमेटी को ताकत देने के लिए सेवादल, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआइ, महिला प्रकोष्ठ समेत कई फ्रंटल संगठन कार्य करते हैं। ये फ्रंटल संगठन भी समाप्त माने जाएंगे।
इनका ये है कहना
पीसीसी से निर्देश मिले हैं। नई जिम्मेदारी तय होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष पद पर काम करता रहूंगा। फ्रंटल संगठन शहर कांग्रेस कमेटी के साथ कार्य करते हैं, लिहाजा वह भी स्वत: भंग माने जाएंगे।
-हरप्रकाश अग्निहोत्री, कार्यवाहक अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप