मतदान के बाद फिर दिखने लगी कांग्रेसियों में रार, रोजा इफ्तार में नहीं पहुंचे कई दिग्गज
शहर कांग्रेस कमेटी तैयार कर रही रिपोर्ट चुनाव नतीजों के बाद आलाकमान के पास भेजी जाएगी।
कानपुर, जेएनएन। नगर में लोकसभा चुनाव खत्म हो चुका है। अब नतीजे आने शेष हैं पर कांग्रेसियों ने नतीजों का इंतजार करना भी मुनासिब नहीं समझा और म्यान से तलवारें निकाल फिर विरोध की राजनीति शुरू कर दी।
बुधवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। आयोजन से पूर्व ही जिन कई बड़े नेताओं के न पहुंचने का दावा किया गया था, वह वाकई शामिल नहीं हुए। वह भी तब जब प्रदेश प्रभारी रोहित चौधरी इस पार्टी में शिरकत करने स्वयं आए थे।
लोकसभा चुनाव से पहले कोर कमेटी और बड़े नेताओं ने सभी को एक मंच पर लाने का प्रयास किया था। कुछ को बड़ा पद भी मिला। आपसी विरोध की राजनीति को पूरी तरह खत्म करने के लिए आलाकमान ने स्पष्ट कर दिया था कि अब नहीं सुधरे तो पार्टी बाहर का रास्ता दिखा देगी। जिसके बाद तलवारें म्यानों में चली गई थीं। चुनाव खत्म होने के बाद एक बार फिर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी शुरू हुई इस विरोध की राजनीति को फिर आलाकमान तक पहुंचाने की कवायद में जुट गए हैं।
क्या बोले शहर कांग्रेस अध्यक्ष
प्रदेश प्रभारी से इस पर उसी दिन चर्चा हुई थी। संगठन को कमजोर करने वालों की रिपोर्ट शहर कांग्रेस कमेटी तैयार कर रही है। लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद आलाकमान को यह रिपोर्ट भेजी जाएगी।
-हरप्रकाश अग्निहोत्री, अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप