कानपुर में गर्मी ने दिखाए तेवर, गश खाकर युवक पुल से तीस फीट नीचे गिरा
रोजेदार टेलर कारीगर को बुलाने पैदल गोविंद नगर जा रहा था।
कानपुर, जेएनएन। शहर में गर्मी और तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार की दोपहर जब तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस पर था और धूप की तपिश जला रही थी, उसी समय हीट स्ट्रोक का शिकार हुआ एक युवक गश खाकर पुल से तीस फीट नीचे जा गिरा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कानपुर समेत आसपास क्षेत्र में गर्मी का भीषण प्रकोप शुरू हो गया है और लोग हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं। बीते मंगलवार को कानपुर से सटे हमीरपुर और फतेहुपर में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं बुधवार की दोपहर को कानपुर में तापमान करीब 43 डिग्री से अधिक था। चमनगंज निवासी 24 वर्षीय इमरान प्रेम नगर में टेलर की दुकान चलाता है।
इमरान के मुताबिक त्योहार के समय दुकान पर काम अधिक है और कारीगर नहीं आ रहे हैं। रोजा रखने से वह भी काम पूरा नहीं कर पा रहा है। बुधवार की दोपहर वह कारीगर को लेने के लिए गोविंदनगर तेज धूप में पैदल जा रहा था। पुल पर पहुंचते ही अचानक उसे चक्कर आ गया और वह तीस फीट नीचे जा गिरा। गिरते समय उसने हाथ में आई एक मोटी केबिल पकड़कर उठने की कोशिश की लेकिन काफी गर्म होने के चलते देर पकड़ नहीं सका।
युवक के पुल से नीचे गिरते ही लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। कुछ लोगों ने पुलिस को युवक के पुल से छलांग लगाने की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे तत्काल एलएलआर अस्पताल हैलट ले गई, जहां उपचार के बाद उसे होश आया। थाना प्रभारी गोविन्द नगर संजीवकान्त मिश्र ने बताया कि होश में आने पर युवक ने बताया है कि वह गश खाकर पुल से गिरा था। एलएलआर अस्पताल में डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप