Pulwama Terror Attack :सिक्किम के राज्यपाल ने नहीं कराया सम्मान, बोले- वीर जवानों की शहादत का बदला लेगा देश
आज देश मे शोक के साथ ही लोगों में गुस्सा है। देश वीर जवानों की इस शहादत को जाया नहीं जाने देगा। इसका बदला जरूर लिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कानपुर : आज देश मे शोक के साथ ही लोगों में गुस्सा है। देश वीर जवानों की इस शहादत को जाया नहीं जाने देगा। इसका बदला जरूर लिया जाएगा। यह बात शनिवार को सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद चौरसिया ने कही। वह रामादेवी चौराहे पर एक स्कूल के कार्यक्रम में भाग लेने आए थे।
कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। कहा कि आतंकियों की इस कायराना हरकत से देश डरने वाला नहीं है। देश की भावनाओं का पूरा सम्मान और जल्द ही दोषियों को सबक सिखा जाएगा। इस दौरान लोगों ने राज्यपाल को अंगवस्त्र देकर सम्मानित करने की कोशिश की तो उन्होंने मना कर दिया। साथ ही स्वागत गीत बजाने से भी इंकार कर दिया।
देश भक्ति के गीतों से गूंज रहीं गलियां
पुलवामा की घटना के विरोध में अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए शनिवार सुबह से ही शहर की तमाम गलियों में देशभक्ति के गीत गूंजने शुरू हो गए। व्यापारियों ने अपनी दुकानों के आगे भी लाउडस्पीकर लगाकर गीतों को बजाना शुरू कर दिया।
तिरंगे की खूब हो रही बिक्री
देशभक्ति के इस माहौल में जगह-जगह तिरंगे खूब बिके। हाल ही में गणतंत्र दिवस गुजरा है और ऐसे में तमाम दुकानदारों के पास तिरंगे झंडे भारी मात्रा में थे ।आज सुबह से ही शहर के तमाम हिस्सों में इनकी जमकर खरीदारी हुई।