बैंक की तरह एलआइसी में भी दूसरे, चौथे शनिवार को रहेगी छुट्टी
पूरे देश में एलआइसी के 1.2 लाख अधिकारी और कर्मचारी हैं जबकि कानपुर में करीब 10 हजार अधिकारी और कर्मचारी हैं।
कानपुर (जेएनएन) बैंक की तर्ज पर अब भारतीय जीवन बीमा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश मिलेगा। वित्त मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी देबाशीष पांडा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। कानपुर में इससे करीब अधिकारियों व कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
एलआइसी के अधिकारी और कर्मचारी पिछले कई साल से केंद्रीय कर्मचारियों की तरह शनिवार के अवकाश की मांग कर रहे थे। एलआइसी में शनिवार को आधे दिन कार्यालय खुलता है। नेशनल आर्गनाइजेश आफ इंश्योरेंस आफिसर्स के कार्यकारी अध्यक्ष सुधाकर मिश्रा के मुताबिक पूरे देश में एलआइसी के 1.2 लाख अधिकारी और कर्मचारी हैं जबकि कानपुर में करीब 10 हजार अधिकारी और कर्मचारी हैं। उनके अनुसार इन सभी को इसका लाभ मिलेगा। हालांकि जनरल इंश्योरेंस में सभी शनिवार को छुट्टी मिल रही है।
अधिकारियों के मुताबिक दूसरे और चौथे शनिवार को छुïट्टी देने के पीछे एक कारण यह भी है कि इसकी वजह से कार्य के घंटे कम नहीं होंगे और तमाम प्रशासनिक खर्च आधे रह जाएंगे क्योंकिहर शनिवार को आधे दिन के लिए कार्यालय खोले जाने की वजह से बहुत से खर्च तो होते ही हैं, अब नई स्थिति में इसे बचाया जा सकेगा।
यूनियन के नेताओं के मुताबिक उन्हें बैंक की तर्ज पर दूसरे और चौथे शनिवार का अवकाश तो मिल गया है लेकिन, केंद्रीय कर्मियों और जनरल इंश्योरेंस के अधिकारियों और कर्मचारियों की तरह सभी शनिवार को छुïट्टी की मांग जारी रहेगी।