संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत, हत्या का आरोप
कानपुर, जागरण संवाददाता : कल्याणपुर क्षेत्र के धनऊपुरवा गांव में अधेड़ बेसुध अवस्था में खेत पर मिला।
कानपुर, जागरण संवाददाता : कल्याणपुर क्षेत्र के धनऊपुरवा गांव में अधेड़ बेसुध अवस्था में खेत पर मिला। उधर से गुजरे पड़ोसियों ने उसे खेत पर पड़े देखा तो वह उसे घर ले आए। परिजन उसे पास के निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
धनऊपुरवा गांव निवासी 50 वर्षीय बद्री निषाद खेत पर ही छप्पर डालकर रहता था। उसने अपनी कुछ जमीन मनीष वर्मा व मनोज उपाध्याय को बेची थी। गुरुवार सुबह वह बेसुध अवस्था में खेत पर पड़ा मिला तभी गांव के रामखिलावन व मैराथन उधर से गुजरे। उसे बेसुध देखकर वह घर लाए, इस पर पत्नी रामदुलारी व बेटे विनोद व अर्जुन उसे पास के निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां कुछ देर तक चले उपचार के बाद बद्री की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने मनीष वर्मा व मनोज उपाध्याय पर उन्हें जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से बिसरा सुरक्षित रखा गया है।