यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Politics: इंडी गठबंधन में मायावती होंगी शामिल? शिवपाल यादव ने दिया जवाब; बोले- 'अब उनकी बात...'
UP Politics सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा ईडी और सीबीआइ ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कन्नौज। सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा ईडी और सीबीआइ का भय दिखाकर विपक्ष के नेताओं को तोड़ने का काम कर रही है। सपा गठबंधन को मजबूत कर भाजपा को हराने का काम करेगी।
शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे शिवपाल पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में आइएनडीआइए मजबूत हो रहा है। गठबंधन से सपा ही भाजपा को पराजित करेगी।
मायावती के गठबंधन में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि अब उनकी बात न की जाए तो ठीक है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर बोले कि भगवान सबके हैं और कण-कण में हैं। वह भी रामलला के दर्शन करेंगे। भाजपा के लोग सपा समर्थकों के नाम मतदाता सूची से कटवा रहे हैं, यह ठीक नहीं है।
गठबंधन एकजुट है, मिलकर चुनाव लड़ेंगे
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा, आइएनडीआइए गठबंधन एकजुट है। सभी दलों से बातचीत हो चुकी है, सभी लोग मिलकर चुनाव लड़ेंगे, अभी इंतजार कीजिए। वह गणतंत्र दिवस पर जिला सहकारी बैंक में झंडारोहण के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
ज्ञानवापी को लेकर एएसआइ की रिपोर्ट पर उन्होंने कहा कि अभी न्यायालय का कोई फैसला नहीं आया है। न्यायालय का जो फैसला आएगा वह सभी को स्वीकार होगा। शिवपाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है, लगातार महंगाई बढ़ रही है। चीन ने देश की भूमि पर कब्जा कर लिया है। देश पर कर्ज बढ़ता जा रहा है। सरकार में बैठे लोग झूठ पर झूठ बोल रहे थे।
