Kannauj News: कन्नौज में गंगा दशहरा पर स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत, गोताखोरों ने निकाले शव
गंगा दशहरा पर गंगा स्नान करने के दौरान फर्रूखाबाद में दो छात्रों के डूबने के बाद कन्नौज में भी दो युवक स्नान के दौरान गंगा में डूब गए। गोताखोर की मदद से दोनों को निकाल कर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कन्नौज, जेएनएन। गंगा दशहरा पर स्नान करते समय दो युवक गंगा में डूब गए। गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला, उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। साथियों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, मगर दोनों तेज धारा में बह गए।
तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव अमोलर निवासी ब्रजेश का 18 वर्षीय बेटा ऋषि दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने महादेवी घाट गया था। गंगा स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया। वह डूबने लगा तो साथियों ने उसे हाथ पकड़कर बचाना चाह, मगर वह तेज धारा में बह गया।
फर्रुखाबाद के कायमगंज निवासी सुभाष का 20 वर्षीय बेटा कौशल भी गंगा स्नान कर रहे थे। वह भी गहरे पानी में डूब गए। गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा गया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। ताहपुर निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह अपने जीजा परशुराम के यहां आए थे।
परशुराम गंगा घाट पर समोसे की दुकान लगाते हैं। काम में हाथ बटाने के लिए वह आया था। जितेंद्र ने बुआ के लड़के ऋषि को भी बुला लिया। साथ ही अपने साले कौशल को बुला लिया था। दोनों को गहराई में जाने से मना किया था। मगर दोनों नहीं माने।