विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीडीए पाठशाला काे लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस से नोकझोंक, सपाइयों को धक्के देकर स्कूल से निकाला

Published: Sat, 05 Sep 2026 04:13 PM (IST)

कन्नौज के उमर्दा ब्लॉक में सपा नेता सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान करने और पीडीए पाठशाला लगाने स्कूलों में पहुंचे। पुलिस ...और पढ़ें

तिर्वा के प्राथमिक स्कूल भुनियापुर में सपाइयों से छीनकर शाल को छीनकर ले जाते प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल। जागरण

 तिर्वा के प्राथमिक स्कूल भुनियापुर में सपाइयों से छीनकर शाल को छीनकर ले जाते प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल। जागरण 

HighLights

  1. सपा नेता सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान करने स्कूल पहुंचे थे

  2. पुलिस ने सपाइयों को स्कूल से बाहर निकाला, सम्मान रोका

  3. शिक्षकों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई, सम्मान लेने से इनकार

संवाद सहयोगी, तिर्वा(कानपुर)। सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान व पीडीए पाठशाला लगाने को लेकर सपाइयों का हुजूम समायोजित होने से बंद परिषदीय स्कूलों में पहुंचा। एक स्कूल में सपाइयों की पुलिस से नोंक-झोंक हो गई। पुलिस ने उनसे शाल और प्रतीक चिह्न छीन लिए। धक्का देकर स्कूल से बाहर निकाल दिया। इस पर शिक्षकों ने भी नाराजगी जताई है।

शिक्षक दिवस पर सुबह नौ बजे उमर्दा ब्लाक के प्राथमिक स्कूल गपचरियापुर में सपा नेता कुक्कू चौहान समर्थकों के साथ पहुंचे और सेवानिवृत्त शिक्षक सेवकराम, राम सिंह, डाल सिंह, राधेश्याम, अमीर सिंह, गया प्रसाद, कैलाश, प्रेम चंद्र, महेश चंद्र, कश्मीर सिंह को प्रतीक चिह्न व शाल देकर सम्मानित किया। सम्मान के दौरान पुलिस पहुंच गई। उप निरीक्षक राधामोहन शर्मा ने सपाइयों को रोक दिया।

इससे सपाई प्राथमिक स्कूल भुनियापुर पहुंचे। वहां पर नायब तहसीलदार अमित कुमार पाठक, प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल फोर्स के साथ मिले। कुक्कू चौहान ने सेवानिवृत्त शिक्षक रामऔतार, रघुवीर सिंह चौहान समेत अन्य शिक्षकों को सम्मानित करने का प्रयास किया तो पुलिस ने रोक दिया। इससे पुलिस व सपाइयों के बीच नोंक-झोक हो गई। पुलिस ने शाल व प्रतीक चिह्न छीन लिए और धक्का देकर सपाइयों को बाहर निकाल दिया। पीडीए की पाठशाला भी नहीं लगाने दी।

स्कूलों से निकालने को लेकर शिक्षकों ने पुलिस पर नाराजगी जताई और सम्मान लेने से इनकार कर दिया। इस दौरान युवजन सभा के जिलाध्यक्ष राजू इदरीसी, अवनीश यादव, अरुण बघेल, मोनू यादव मौजूद रहे। हालांकि पुलिस ने शाल व प्रतीक चिह्न सपाइयों को लौटा दिए। समायोजित होने से बंद हो चुके इन दोनों स्कूल में फिलहाल आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे बैठे मिले थे। सीओ कुलवीर सिंह ने बताया कि विद्यालय परिसर में शांति व्यवस्था को लेकर रोका गया। स्कूलाें में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।