विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM आवास योजना: कन्नौज में 691 ग्रामीणों को मिलेगा अपना मकान, जल्द जारी होगी पहली किस्त

Published: Wed, 14 Oct 2026 04:04 PM (IST)

कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 691 ग्रामीण परिवारों को जल्द ही पक्के मकान मिलेंगे। पात्र ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. छिबरामऊ में 691 ग्रामीण परिवारों को मिलेगा आवास।

  2. पात्रता सूची के लिए री-चेकिंग सर्वे जारी है।

  3. जल्द ही लाभार्थियों को पहली किस्त मिलेगी।

संवाद सहयोगी, कन्नौज। छिबरामऊ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बेघर और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब पात्रों को उनके पक्के आशियाने की सौगात मिलने का रास्ता साफ हो गया है। पहले चरण में क्षेत्र के 691 ग्रामीण परिवारों के सिर पर पक्की छत का सपना जल्द ही पूरा होगा। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं और इसी सप्ताह में रीचेकिंग सर्वे का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।

विकास खंड छिबरामऊ के अंतर्गत 96 ग्राम पंचायतें व 132 राजस्व गांव हैं। वर्ष 2024 में पात्र लाभार्थियों का सर्वे कराया गया था, जिसके आधार पर अब सूची को अंतिम रूप देने के लिए 14 पंचायत सचिव और छह सेक्टर एडीओ री-चेकिंग के कार्य में पूरी मुस्तैदी से जुट गए हैं, ताकि किसी भी वास्तविक पात्र का नाम छूट न सके।

इसके अलावा दो वर्ष बाद आए लक्ष्य के चलते कोई परिवार पात्रता की सूची से बाहर न चला गया हो। बता दें कि वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 7633 परिवारों की सूची तैयार की गई थी। लेकिन अधिकारियों की जांच में 4611 परिवार योजना के लिए पात्र मिले।

अब वर्ष 2029 तक इन 4,611 परिवारों को उनके सपनों का घर मुहैया कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के आवासों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा और गरीबों का जीवन स्तर सुधरेगा। योजना में पूरी तरह पारदर्शिता बरतने के लिए इस बार विशेष प्रबंध किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- कन्नौज में बारिश से खराब हुई 13 सड़कों का जल्द होगा कायाकल्प, बजट हुआ जारी

 

तैयार की गई सूची में विभिन्न मानकों और शासन की गाइडलाइंस के आधार पर कंप्यूटर जनरेटेड प्राथमिकता तय की गई है। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जो परिवार वास्तव में सबसे अधिक जरूरतमंद हैं, उन्हें योजना का लाभ सबसे पहले मिले। री-चेकिंग का कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही पात्रों के खातों में आवास निर्माण की पहली किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बीडीओ दीपांकर आर्य ने बताया कि इसी सप्ताह में सर्वे के रीचेकिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद लाभार्थी के खाते में पहली किश्त भेज दी जाएगी।


कई वर्षों से कच्चे मकान में जीवन गुजार रहे हैं। कच्चे मकान में गर्मी, सर्दी और बरसात तीनों ही मौसम में दिक्कत होती थी। अब उम्मीद जगी है कि उनको आवास का लाभ मिलने वाला है। अब वह कच्चे से पक्के घर में रहेंगी। जिससे उनका मन खुश है और वह सरकार का आभार व्यक्त करती हैं।- लाभार्थी वंदना, सुल्तानपुर

पिछले पांच वर्षों से पक्का आवास मिलने का इंतजार कर रही थीं। आवास न होने के कारण झोपड़ी में रहने को मजबूर थीं। उनको अब यह खुशी है कि उनका कच्चा घर पक्का हो जाएगा। अभी तक मोहल्ले में सिर्फ उनका ही घर कच्चा था।- लाभार्थी पूनम, पश्चिमी मड़ैया

परिवार कई वर्षों से मिट्टी और फूस की छत वाले कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था, जिससे रात-रात भर जागना पड़ता था। अब उनको अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता नहीं रहेगी।- लाभार्थी फूलमती, ररुआ

आवास योजना केवल चार दीवार और एक छत देने भर का साधन नहीं है बल्कि उनके जैसे गरीब परिवारों को समाज में एक नई पहचान देता है। घर न होने के कारण कई प्रकार की पारिवारिक और सामाजिक समस्याओं का सामना करना पड़ता था।- लाभार्थी रीता दुबे, विशुनगढ़