ढहाया गया नाले का अवैध निर्माण
- एसडीएम के आदेश पर की गई कार्रवाई - 20 कड़ी नाले में 12 कड़ी पर लोगों ने कर रखा था
- एसडीएम के आदेश पर की गई कार्रवाई
- 20 कड़ी नाले में 12 कड़ी पर लोगों ने कर रखा था कब्जा
संवाद सूत्र, सकरावा: लोगों ने नाले की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया। समस्या के निराकरण के लिए एसडीएम के आदेश पर बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण गिरवाया गया। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की हिदायत भी दी गई।
राजस्व ग्राम सकरावा में अक्सर जलभराव रहता था। ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या को लेकर अधिकारियों से शिकायत की थी। समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल से जांच रिपोर्ट मांगी थी। नायब तहसीलदार शिखर मिश्रा ने क्षेत्रीय लेखपाल व राजस्व निरीक्षक के साथ मौके की पड़ताल की। उस समय अभिलेख में 20 कड़ी का नाला दर्ज था। वही मौके पर केवल 8 कड़ी का नाला मिला। 12 कड़ी पर कब्जा किया गया था। इसकी रिपोर्ट उप जिलाधिकारी को सौंपी गई। एसडीएम ने बारिश में जलभराव की समस्या को देखते हुए तत्काल अवैध निर्माण गिराए जाने के निर्देश दिए। सोमवार को एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार शिखर मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस फोर्स की उपस्थिति में बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को गिराया गया। एसडीएम देवेश कुमार गुप्त ने बताया कि नाले पर कब्जा होने की वजह से पानी निकास नहीं हो पा रहा था। इससे गांव में जलभराव की समस्या थी। निर्माण गिरवा कर समस्या का समाधान करवा दिया गया।