निर्मल पर होगी बसपा के वोटों में सेंधमारी की जिम्मेदारी
जागरण संवाददाता कन्नौज भाजपा में शामिल हुए निर्मल तिवारी पर बसपा के वोट बैंक में सेंधमार
जागरण संवाददाता, कन्नौज : भाजपा में शामिल हुए निर्मल तिवारी पर बसपा के वोट बैंक में सेंधमारी की बड़ी जिम्मेदारी होगी। पार्टी संगठन का यह निर्णय सपा के साथ न जाने वाले बसपा के परंपरागत वोट को साधने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। वह भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक के नामांकन में भी मौजूद रहेंगे।
कन्नौज लोकसभा सीट से 2014 में निर्मल तिवारी बसपा से चुनाव लड़े थे। इस बार गठबंधन के बाद बंटवारे में यह सीट सपा के खाते में चली गई। इस पर निर्मल तिवारी ने भाजपा का दामन थाम लिया। उनके इस कदम से कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के सियासी समीकरण एक बार फिर बदल गए हैं। दरअसल पिछले चुनाव में निर्मल तिवारी एक लाख 27 हजार वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने महज 19 हजार मत से भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि निर्मल तिवारी के भाजपा में आने से सीधा फायदा सुब्रत पाठक को होगा। इसीलिए पार्टी संगठन ने निर्मल को बसपा के परंपरागत वोट में सेंधमारी की जिम्मेदारी दी है।
रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र से हैं निर्मल
रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले निर्मल तिवारी को पिछले चुनाव में इसी क्षेत्र से सबसे अधिक वोट मिला था। वहीं छिबरामऊ, तिर्वा, बिधूना और कन्नौज सदर क्षेत्र में भी मतदाताओं में उनकी गहरी पैठ बताई जा रही है। भाजपा इसे फायदे के रूप में देख रही है।
जल्द शामिल होगा बसपा के एक धड़ा
भाजपा के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने दावा किया है कि निर्मल तिवारी के भाजपा में शामिल होने के बाद बसपा का एक बहुत बड़ा धड़ा पार्टी में शामिल हो सकता है। पिछले चुनाव में रही थी यह स्थिति
प्रत्याशी पार्टी मिले वोट
डिपल यादव समाजवादी पार्टी 4,89,164
सुब्रत पाठक भारतीय जनता पार्टी 4,69,257
निर्मल तिवारी बहुजन समाज पार्टी 1,27,785