कन्नौज में सुहागिनों ने चांद का दीदार कर खोला करवा चौथ का व्रत, पति की लंबी उम्र की कामना
कन्नौज में सुहागिनों ने पति की लंबी आयु के लिए श्रद्धापूर्वक करवा चौथ का व्रत रखा।

चांद का दीदार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पतियों के हाथों पानी पीकर व्रत खोला।
HighLights
कन्नौज में सुहागिनों ने श्रद्धा से मनाया करवा चौथ।
चांद देखकर पति के हाथों खोला निर्जला व्रत।
युवा महिलाओं में दिखा विशेष उत्साह और भक्ति।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। सुहागिनों ने पति की लंबी आयु के श्रद्धा और भक्ति के साथ करवा चौथ मनाया। पहली बार व्रत रखने वाली युवा महिलाओं में खासा उत्साह दिखा। चांद देखकर सुहागिनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद पति ने पानी पिलाकर निर्जला व्रत खुलवाया। महिलाओं ने पति के साथ बड़े-बुजुर्गों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
गुरुवार को सुहागिनों ने परंपरागत ढंग से सादगी से सुहाग के प्रतीक करवा चौथ का पर्व मनाया। हाथों में पूजा की थाली और करवे में जल भरे हर सुहागिन को इंतजार था तो सिर्फ चांद निकलने का। आसमान में छाए बादलों के कारण चांद ने दीदार कराने में देरी की। ऐसे में कई सुहागिनें रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को फोन कर चांद निकलने की जानकारी में जुट गई। चांद निकलते ही युवाओं ने छतों पर आतिशबाजी की। इसके बाद सुहागिनों ने चांद को अर्घ्य देकर अपने पति का दीदार किया और व्रत खोला। इससे पूर्व सुबह से ही घरों में उत्साह देखा गया।
पूजन के लिए तरह-तरह के पकवान तैयार किए गए थे। सुबह जल्दी ही गृह कार्य निपटाने के बाद महिलाएं सजने-संवरने में जुट गईं। पति के प्रेम के आगे न उन्हें भूख लगी और न प्यास। शाम होते ही महिलाओं ने 16 श्रृंगार कर व नए परिधान पहनकर सामूहिक रूप से मंदिरों में पूजा-अर्चना की। घरों में भी महिलाओं ने विधि-विधान पूर्वक कथा सुन पूजन-अर्चन किया।
कई घरों में सामूहिक रूप से पूजन के बार भोजन किया गया। पतियों ने भी पत्नियों को उपहार भेंट किए। वहीं महिलाओं ने साज श्रृंगार कर तस्वीरें खींची और इंटरनेट मीडिया पर साझा की। जिले भर में पूरी रीति रिवाज के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया गया।
