विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्रुखाबाद में करवाचौथ पर सुहागिनों ने चंद्रमा को दिया अर्घ्य, पति के हाथों पानी पीकर खोला व्रत

Published: Thu, 29 Oct 2026 08:22 PM (IST)Updated: Thu, 29 Oct 2026 08:25 PM (IST)

फर्रुखाबाद में सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला करवाचौथ व्रत रखा। चंद्रोदय के बाद पूजा कर छलनी से पति का दीदार किया और उनके हाथों पानी पीकर व्रत खोला।

जैसे ही चंद्रदेव के दर्शन हुए, सुहागिनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

जैसे ही चंद्रदेव के दर्शन हुए, सुहागिनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

HighLights

  1. सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत रखा।

  2. चंद्रोदय के बाद पूजा कर पति का दीदार किया।

  3. फर्रुखाबाद में करवाचौथ का त्योहार धूमधाम से मना।

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। अखंड सौभाग्य की कामना के साथ सुहागिनों ने दिन भर करवाचौथ का निर्जला व्रत रखा। शाम को सोलह शृंगार कर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन किया और बेसब्री से चंद्रोदय का इंतजार करने लगीं। आसमान में बादल छाए रहने से बमुश्किल चंद्रदेव के दर्शन हुए तो सुहागिनों के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने चंद्रदेव को अर्घ्य देकर छलनी की ओट से साजन का दीदार किया। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत का पारण किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी चलाई गई। त्योहार के चलते देर रात तक बाजार में रौनक रही और जमकर खरीदारी हुई।

सुहागिनों का प्रमुख त्योहार करवाचौथ गुरुवार को पूरी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। त्योहार को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक रौनक छाई रही। अखंड सौभाग्य की कामना लिए निर्जला व्रत रही सुहागिनें शाम होते ही सोलह शृंगार कर पूजन की तैयारियों में जुट गईं। महिलाओं ने करवा में च्यौड़ा, पेड़ा आदि पूजन सामग्री भरकर पूजा-अर्चना की और कथा सुनी। पूजन संपन्न होने के बाद महिलाओं को था चंद्रोदय का इंतजार। आसमान में छाये बादलों ने उनकी बेसब्री और बढ़ा दी। जैसे ही चंद्रदेव के दर्शन हुए, सुहागिनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। छतों पर पहुंचकर चंद्रदेव को अर्घ्य दिया और छलनी की ओट से पहले चंद्रदेव और फिर साजन का दीदार किया। इसके बाद पति ने जल पिलाकर उनका व्रत खुलवाया।

सिंधी कॉलोनी में महिलाओं ने सामूहिक रूप से एकत्र होकर पूजन किया। इस पल को यादगार बनाने के लिए सेल्फी भी ली गई। बच्चों ने भी जमकर आतिशबाजी छुड़ाई। व्रत पारण के बाद दंपतियों ने घर में बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बड़ी संख्या में दंपती पांडवेश्वरनाथ शिवालय, गुरुगांव देवी मंदिर, मठिया देवी मंदिर और शीतला माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की।

करवाचौथ के चलते सुबह से बाजारों में पूजन सामग्री, फल, मिष्ठान और उपहार खरीदने वालों की भारी भीड़ रही। वहीं, व्रत संपन्न होने के बाद देर रात तक शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट, चाट-टिक्की, पानी के बताशे, मोमोज और डोसा की दुकानों पर दंपतियों ने स्वजन के साथ पहुंचकर व्यंजनों का स्वाद चखा।