विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साथी छात्र ने एडिट कर छात्रा का बनाया अश्लील फोटो, 30 लाख का सोना हड़पा, आत्महत्या का प्रयास

Published: Fri, 25 Sep 2026 11:18 PM (IST)

नाबालिग छात्रा को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसके सहपाठी ने करीब 30 लाख रुपये के सोने के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. ग्वालटोली का मामला एक ही स्कूल में पढ़ते थे आरोपित, धमकियों से परेशान किशोरी कर चुकी है आत्महत्या का प्रयास

  2. पीड़िता की मां ने दो माह पूर्व उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाने में कराई थी जीरो एफआइआर,ट्रांसफर होकर आया मामला

जागरण संवाददाता, कानपुर। ग्वालटोली निवासी नाबालिग छात्रा से उसके सहपाठी रहे छात्र ने एडिट करके उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। जिसे इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित करने की धमकी देकर कई बार में करीब 30 लाख रुपये मूल्य की सोने की गिन्नियां हड़प ली। आरोपित की धमकियों से परेशान पीड़िता आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है।

पीड़िता की मां ने मामले को लेकर दो माह पूर्व उन्नाव के बांगरमऊ थाने में जीरो एफआइआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद मामला ग्वालटोली थाने को ट्रांसफर कर दिया गया। ग्वालटोली थानाक्षेत्र के सिविल लाइंस में रहने वाली महिला ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी एक स्कूल में 18 वर्षीय छात्र दिव्यांश शुक्ला के साथ पढ़ती थी।

दिव्यांश ने हाईस्कूल के बाद स्कूल छोड़ दिया था। आरोप है कि उसने उनकी बेटी की जानकारी के बिना उसकी फोटो खींचीं और उसे एडिट करके अश्लील बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

मां का आरोप है कि धमकी और दबाव बनाकर आरोपित ने 22 जून को बैंक आफ बड़ौदा खाते से 10 और 20 ग्राम की सोने की गिन्नियां, 28 जून को एमएमटीसी खाता (डिजिटल गोल्ड या सिल्वर अकाउंट एक ऐसा आनलाइन खाता है, जिसकी मदद से शुद्ध सोना या चांदी खरीदा जाता है) से 20 ग्राम की गिन्नी और तनिष्क से 10 ग्राम की गिन्नी खरीदवाई। इसके बाद एक जुलाई को 30 ग्राम और चार जुलाई को 10 ग्राम की सोने की गिन्नी खरीदवाई गई।

आरोप है कि इस तरह करीब 30 लाख रुपये कीमत का सोना जबरन हड़प लिया गया। दिव्यांश लगातार फोटो और वीडियो प्रचलित करने करने की धमकी देकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता रहा। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया लेकिन किसी तरह उसे बचा लिया गया। स्वजन के पूछने पर छात्रा ने उन्हें घटना की जानकारी दी।

मामले को लेकर छात्रा की मां ने उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाने में 29 जुलाई को जीरो एफआइआर दर्ज कराई। मामला ग्वालटोली थाने का होने की वजह से बांगरमऊ थाने ने इसे ग्वालटोली ट्रांसफर कर दिया। स्वजन का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई की जानकारी होने पर दिव्यांश ने शिकायतकर्ता और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौज की।

ग्वालटोली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि स्वजन ने 29 जुलाई को उन्नाव के बांगरमऊ थाने में जीरो एफआइआर दर्ज कराई थी,मामला ग्वालटोली थाने से संबंधित होने के चलते यहां ट्रांसफर कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।