विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में दसवीं टॉपर सृष्टि बनीं एक दिन की डीएम, कुर्सी संभालते ही कर दिया कानूनगो का तबादला

Published: Fri, 16 Oct 2026 06:14 PM (GMT+05:30)

कन्नौज में मिशन शक्ति अभियान के तहत हाईस्कूल टॉपर सृष्टि दीक्षित को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। उन्होंने फरियादियों ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सृष्टि दीक्षित कन्नौज में बनीं एक दिन की जिलाधिकारी।

  2. उन्होंने कानूनगो का तबादला किया, वरासत मामले निपटाए।

  3. मिशन शक्ति के तहत मिला यह गौरवपूर्ण अवसर।

जागरण संवाददाता, कन्नौज। मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को एक दिन के लिए प्रशासनिक दायित्व सौंपने का पड़ाव शुक्रवार जिलाधिकारी कार्यालय रहा। जहां उत्तर प्रदेश संस्कृत माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में टापर रही सृष्टि दीक्षित ने डीएम की कुर्सी संभाली। एक के बाद एक छह फरियादियों को सुना, तिर्वा में तैनात कानूनगो बेटे का तबादला कराने के लिए परेशान बुजुर्ग मां की समस्या सुन कर तत्काल तबादले का आदेश दिया। वरासत के लंबित प्रकरण का निस्तारण कर फरियादी को प्रमाण पत्र सौंपा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुरसहायगंज के राधा देवी आदर्श संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हाईस्कूल की परीक्षा में 94.43 प्रतिशत अंक से प्रदेश में टाप करने वाली सृष्टि दीक्षित अभिभावकों और शिक्षकों के साथ पूर्वाह्न 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। जहां डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री जनसुनवाई कर रहे थे। सृष्टि के पहुंचते ही डीएम ने कुर्सी सृष्टि को सौंप दी।

इसके बाद फरियाद लेकर पहुंची बुजुर्ग जहानवती ने अपने खराब स्वास्थ्य, उम्र का हवाला देते हुए तिर्वा तहसील में कानूनगो पद पर तैनात पुत्र यज्ञदत्त का तबादला छिबरामऊ तहसील कराने का अनुरोध किया। कुछ विचार के बाद सृष्टि ने तबादला करने का निर्देश देते हुए अपना निर्णय दिया। भावुक जहानवती दुआएं देते हुए निकली। निशा आवास की समस्या लेकर पहुंची, जिस पर सीडीओ को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरासत प्रमाण के लिए पहुंचे धीरेंद्र की समस्या तत्काल संज्ञान लेकर प्रमाण दिलाया। छिबरामऊ के दीपक कुमार सफाईकर्मी दीपक बाबू की शिकायत लेकर पहुंचे, जिसके लिए उन्होंने ईओ नपा छिबरामऊ को जांच के निर्देश दिए।

अंत्येष्टि स्थलों के लिए 48.72 लाख का अनुमोदन
बतौर डीएम सृष्टि ने उमर्दा ब्लाक के ग्राम बस्ता व छिबरामऊ के ग्राम द्वारिकापुरी में 24.36 लाख रुपये से अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए 48.72 लाख रुपये के प्रस्ताव को अनुमोदन किया।

एक दिन की डीएम सृष्टि का परिचय

नाम - सृष्टि दीक्षित

पिता- प्रेम नरायन दीक्षित

मूल निवास- बघौली, जिला हरदोई

निवास- गुरसहायगंज (ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही है)

छात्रा विद्यालय - राधा देवी आदर्श संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरसहायगंज

2025-26 हाईस्कूल परीक्षा में 94.43 प्रतिशत कर प्रदेश में टाप किया

यह मेरे लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण

एक दिन की डीएम बनने पर सृष्टि ने बताया कि यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण व प्रेरणादायक है। जिलाधिकारी के पद पर रहते हुए जनसामान्य की समस्याओं को सुनने, उनके समाधान की प्रक्रिया को समझने और प्रशासनिक दायित्वों का अनुभव प्राप्त हुआ।

टॉपर होने से मिला मौका

डीआइओएस पप्पू सरोज ने बताया कि जिलाधिकारी ने जिले के टापरों की सूची मांगी थी। जिसमें सृष्टि हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में टाप करने वाली छात्रा थी। इससे उसका चयन किया गया।

मिशन शक्ति फेस-6 के तहत सांकेतिक रूप से सृष्टि को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। यह अनुभव न केवल उन्हें नई दिशा देने वाला है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। - आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, डीएम कन्नौज

यह भी पढ़ें- मांझे से मौत के बाद एक्शन मोड में गोरखपुर पुलिस, पतंग उड़ा रहे 20 लोगों को पकड़ा