विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में टावर पर बिजली का तार खींचने के दौरान पैर फंसने से 30 फीट हवा में उछला किशोर, गिरकर मौत

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:39 AM (IST)

कन्नौज में बिजली के तार खींचने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर खेल-खेल में 30 फीट ऊपर उछलकर गिर गया, ...और पढ़ें

हरिओम। स्राेत स्वजन

 हरिओम। स्राेत स्वजन

HighLights

  1. कन्नौज में बिजली टावर के तार खींचते समय हादसा हुआ।

  2. 15 वर्षीय किशोर हरिओम 30 फीट ऊंचाई से गिरकर मरा।

  3. कार्यदायी संस्था की लापरवाही की जांच की जा रही है।

संवाद सूत्र, कन्नौज। मशीन से तार खींचकर टावर में बांधने के दौरान खेल-खेल में किशोर की जान चली गई। ऊपर उठते समय हाथ से किशोर तार पकड़े रहा। देखते-देखते हवा में तार के साथ करीब 30 फीट तक ऊपर पहुंचने के बाद किशोर नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट आने से उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई।

ठठिया के हरेईपुर गांव में 220 केवीए का ट्रांसमिशन सेंटर का निर्माण चल रहा है। लोहे के टावर बनाकर बिजली लाइन खींचने का भी खेतों में काम चल रहा है। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मिंडापुर्वा के पास मशीन से कर्मचारी तार खींच रहे थे। इस दौरान मिंडापुर्वा निवासी महेंद्र दोहरे का 15 वर्षीय बेटा हरिओम जो वहां बकरी चरा रहा था।

उसने जमीन पर पड़े तारों को ऊपर उठता देखकर एक तार पकड़ लिया। मशीन से तार खींचने की रफ्तार बढ़ने से हरिओम भी करीब 30 फीट ऊंचाई तक तार के साथ हवा में लटका हुआ पहुंच गया। झटका लगने पर तार छूटने से वह जमीन पर नीचे गिर गया। घटना देख कर्मचारी मौके से भाग निकले।

30 फीट की ऊंचाई तक उछल गया किशोर

मां इंद्रा देवी ने पड़ोसियों की मदद से हरिओम को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण शुक्रवार रात करीब नौ बजे हरिओम ने दम तोड़ दिया। वहीं चर्चा यह भी है कि तार खींचते समय किशोर का पांव तार में फंसकर करीब 30 फीट ऊंचाई तक पहुंच गया।

इसके बाद फंसाव छूटने के कारण नीचे सिर के बल गिर गया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्था और पीड़ित परिवार के समझौते की बात चल रही है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

अधिशासी अभियंता अनूप राय ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। मौके पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। कार्यदायी संस्था की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की शासन स्तर पर संस्तुति की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कन्नौज: यूपी सिडको में टेंडर के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में JE बर्खास्त, एक्सईएन सस्पेंड