कन्नौज की 47 डिजिटल लाइब्रेरियों में नहीं पहुंचा कंप्यूटर, छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई पर बुरा असर
कन्नौज की 84 डिजिटल लाइब्रेरियों में से केवल 37 में ही कंप्यूटर पहुंचे हैं, जिससे डिजिटल शिक्षा का सरकारी सपना अधूरा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल GEMINI से बनाया गया है।
HighLights
84 में से केवल 37 डिजिटल लाइब्रेरियों में कंप्यूटर पहुंचे।
47 लाइब्रेरियों में कंप्यूटर न होने से शिक्षा बाधित।
विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल सामग्री से वंचित।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। जिले की 84 डिजिटल लाइब्रेरियों में से अब तक सिर्फ 37 में ही कंप्यूटर पहुंच सके हैं। शेष 47 लाइब्रेरियों में कंप्यूटर पहुंचने का इंतजार है। ऐसे में डिजिटल शिक्षा की सुविधा देने का सरकारी सपना अभी अधूरा नजर आ रहा है।
शासन की ओर से प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी के लिए तीन से चार लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई थी। इसके तहत पंचायतों में फर्नीचर, मेज-कुर्सी और किताबों की व्यवस्था कराई गई। कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी जरूरी सुविधाएं समय से उपलब्ध नहीं हो सकी। इससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल सामग्री का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की उपस्थिति फेस रिकग्निशन के माध्यम से दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। कंप्यूटर की सुविधा ही नहीं होने से इस व्यवस्था को लागू करना भी मुश्किल है। कई स्थानों पर लाइब्रेरी खुलने के बावजूद संसाधनों के अभाव में उनका अपेक्षित उपयोग नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आनलाइन अध्ययन के लिए गांव से बाहर जाना पड़ता है।
डिजिटल लाइब्रेरी से उन्हें स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन आधी से अधिक लाइब्रेरियों में कंप्यूटर नहीं पहुंचने से योजना की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, डिजिटल लाइब्रेरियों की व्यवस्था सुधारने के लिए एडीओ पंचायत को साप्ताहिक निरीक्षण करने और फोटो सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
समाचार पत्रों की उपलब्धता और पाठक रजिस्टर की भी जांच होनी है। जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि 37 लाइब्रेरी में कंप्यूटर पहुंच गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।