कन्नौज में चलती कार में REEL बनाना पड़ा भारी, बिजली पोल से टकराई कार; दो दोस्तों की मौत
कन्नौज में रील बनाने के दौरान चलती कार बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
HighLights
कन्नौज में रील वीडियो बनाते समय कार दुर्घटनाग्रस्त हुई।
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल, एक कानपुर रेफर।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। शहर में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला अहमदी टोला निवासी 20 वर्षीय अराफात पुत्र इकलाख, बजरिया निवासी 20 वर्षीय सैफी पुत्र सद्दाम, 16 वर्षीय मोहम्मद अमान खान पुत्र उबेद खान व 18 वर्षीय अली खान पुत्र आदिल खान गुरुवार रात करीब एक बजे तिर्वा से वापस कन्नौज की ओर कार से आ रहे थे।
तभी रास्ते में चारों दोस्त मिलकर रील के लिए वीडियो बनाने लगे। चलती कार पर वीडियो बनाने में असंतुलित कार बिजली के पोल से टकरा गई। इससे अली खान और मोहम्मद अमान खान की मौत हो गई। जबकि सैफी व अराफात घायल गए।
घायलों को राजकीय मेडिकल कालॉज तिर्वा में भर्ती कराया गया। सैफी की हालत गंभीर होने से कानपुर रेफर कर दिया गया है। अराफात की हालत में सुधार हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ लगाते समय गश खाकर गिरा अभ्यर्थी, मौत
