Kannauj Crime: सरकार भूमि को कब्जा मुक्त कराने गई राजस्व टीम पर हमला, नायब तहसीलदार समेत चार घायल
सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने गई राजस्व टीम पर हमलावरों पथराव कर दिया। इसमें नायब तहसीलदार समेत चार लोग घायल हो गए। पथराव में गाड़ी के शीशे भी टूट गए। नायब तहसीलदार ने गुगरापुर ब्लॉक प्रमुख समेत 56 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
जागरण संवाददाता, कन्नौज: सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने गई राजस्व टीम पर हमलावरों पथराव कर दिया। इसमें नायब तहसीलदार समेत चार लोग घायल हो गए। पथराव में गाड़ी के शीशे भी टूट गए। नायब तहसीलदार ने गुगरापुर ब्लॉक प्रमुख समेत 56 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख समेत छह नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एसडीएम के निर्देश पर टीम अतिक्रमण हटाने गयी थी
शनिवार को सदर एसडीएम पवन मीणा के निर्देश पर नायब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह राजस्व टीम व पुलिस बल के साथ सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम निवादा पहुंचे। नायब तहसीलदार ने बताया कि गाटा संख्या 853 जो कि अभिलेखों में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। बादाम सिंह अन्य परिवार के लोगों ने सरकारी भूमि पर निर्माण कर लिया था। इसको हटाने के लिए टीम गई थी।
अवैध असलहा लहराते हुए आरोपितों ने दी जान से मारने की धमकी
अतिक्रमण हटाने के दौरान विनीत कुमार, बादाम सिंह, अनमोल, रोहित, विवेक कुमार समेत अन्य लोग सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे। इस दौरान भाजपा से गुगरापुर ब्लाक प्रमुख संदीप चतुर्वेदी समेत अन्य करीब 50 लोग आ गए। ब्लॉक प्रमुख के कहने पर 50 अज्ञात लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। राजस्व निरीक्षक अनिल प्रकाश व लेखपाल यज्ञदत्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस बल पर भी पथराव किया। जनपद औरैया के थाना दिबियापुर के सोहनपुर निवासी जेसीबी चालक अखिलेश को घेरकर मारपीट कर घायल कर दिया। हमलावरों ने अवैध असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। सरकारी अभिलेख और राजस्व कर्मियों के मोबाइल छीन लिए। उनको भी मामूली चोट आईं हैं।
पुलिस ने भाजपा के ब्लॉक प्रमुख समेत 56 लोगों पर लिखा मुकदमा
इसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। नायब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने भाजपा से ब्लाक प्रमुख गुगरापुर संदीप चतुर्वेदी, विनीत कुमार, बादाम सिंह, अनमोल, रोहित, विवेक कुमार को नामजद करते हुए 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार दी गई है। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि जल्द सभी आरोपितों की गिरफ्तारी होगी।