कन्नौज में कोतवाली के पास अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस नेता पर आरोप; राजनीतिक रंजिश बनी वजह
कन्नौज के छिबरामऊ में एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें एक कांग्रेस नेता पर आरोप लगा है।

HighLights
कन्नौज में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या।
कांग्रेस नेता पर हत्या का आरोप, लाइसेंसी पिस्टल का उपयोग।
राजनीतिक वर्चस्व और पुरानी रंजिश हत्या का कारण।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। छिबरामऊ कोतवाली से महज 150 मीटर दूरी पर रविवार शाम करीब सात बजे सेवानिवृत्त दारोगा के अधिवक्ता पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांग्रेस नेता ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी।
घटना के पीछे राजनीतिक वर्चस्व की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में आरोपित छिबरामऊ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। मतदान के दिन कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी।
आरोपित को संदेह था कि अधिवक्ता के इशारे पर उसके साथ मारपीट की गई थी। तभी से वह अधिवक्ता से खुन्नस रखे था। आरोपित को कांग्रेस का जिला महासचिव बताया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि आपसी कहासुनी में पिस्टल से गोली मारी गई है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।