विवाद में पत्नी का सिर फोड़ा, खुद खाया जहरीला पदार्थ
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: विवाद में पति ने पत्नी के सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। व
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: विवाद में पति ने पत्नी के सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। वहीं, खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। गांव में महिला को गोली मारने की चर्चा रही। हालांकि महिला ने डंडे से घायल होने की बात कही।
कोतवाली छिबरामऊ के ग्राम बरबटापुर निवासी पूनम ने बताया कि उसका मायका जिला रायबरेली थाना मोहम्मदपुर के ग्राम कुचरी में है। माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसकी शादी तीन माह पहले बुआ के बेटे श्यामवीर के साथ हुई है। उसने पति से मायके भेजे जाने की बात कही। वह रक्षाबंधन पर ले जाने की बात कह रहे थे। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला तूल पकड़ गया तो मारपीट होने लगी। पति ने डंडे से प्रहार कर दिया। इससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। उसे घायल देकर पति ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। यूपी 100 की टीम व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में ग्रामीणों ने विवाद के बीच फायरिंग होने की बात कही। हालांकि गोली मारे जाने की बात को लेकर पुलिस ने कई लोगों से अलग-अलग जानकारी भी की। दोनों को नगला दिलू स्थित 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर उपचार के दौरान महिला ने गोली मारे जाने की बात से इंकार किया। सीओ श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि जांच में पति द्वारा महिला के सिर में डंडा मार देने एवं बाद में खुद जहरीला पदार्थ खा लेने की बात सामने आई है। ग्रामीण गोली की चर्चा कर रहे हैं लेकिन पुष्टि नहीं हो रही है। डाक्टरी परीक्षण के बाद स्थिति बिल्कुल स्पष्ट हो जाएगी। महिला के तहरीर देने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं इमरजेंसी में उपचार कर रहे डा. अजय ने बताया कि महिला घायल अवस्था में आई है। सिर से अधिक खून बह रहा था। इसलिए पट्टी कर दी गई है। परीक्षण के बाद ही गोली लगने या डंडे की चोट होने के बारे में बताया जा सकेगा।