रमजान में फलों से लेकर कपड़ों की दुकानें गुलजार
रमजान का नौवां रोजा गुजर चुका है। बाजार में ईद की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। फलों से लेकर कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं व पुरुषों की खासी भीड़ है। हालांकि इस बार फलों के दाम बढ़ने से रोजेदारों को जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है।
जागरण संवाददाता, कन्नौज : रमजान का नौवां रोजा गुजर चुका है। बाजार में ईद की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। फलों से लेकर कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं व पुरुषों की खासी भीड़ है। हालांकि इस बार फलों के दाम बढ़ने से रोजेदारों को जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है।
रमजान का पवित्र माह अभी 21 दिन चलना है। नौवां रोजा के बाद अब धीरे-धीरे बाजार की रौनक भी बढ़ रही है। कपड़ों से लेकर खाने-पीने की चीजें बाजार में सज गई हैं। इफ्तार व सहरी में फलों की खपत बढ़ी है। ऐसे में इनके दामों में भी बेतहाशा वृद्धि हो रही है। खजूर के भाव 100 रुपये किलो थे वह इस समय दो सौ से तीन सौ रुपये के आसपास हैं। इसी तरह सेब, संतरा व आम आदि के दाम भी करीब दस गुना बढ़ गए हैं। हरी सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। मध्यम वर्गीय परिवार से जुड़े रोजेदारों को जरूरत पूरी करने के लिए जेब ढीली करनी पड़ रही है। बुधवार को बाजार में जगह-जगह रौनक रही। भीषण गर्मी के बावजूद कपड़े की दुकानों पर महिलाओं की अधिक भीड़ रही। उन्होंने रोजमर्रा के अलावा ईद के लिए अभी तक कपड़े खरीदने शुरू कर दिए। दुकानदार मोहम्मद अकील ने बताया कि रमजान की वजह से खरीदारी बढ़ी है। अधिकतर लोग रेडीमेड कपड़े पसंद कर रहे हैं।