देरी से अस्पताल पहुंचे डॉक्टर मरीजों पर भड़के
संवाद सूत्र, सौरिख : दवा लेने पहुंचे मरीज डॉक्टर के इंतजार में परेशान हो गए। उन्होंने हं
संवाद सूत्र, सौरिख : दवा लेने पहुंचे मरीज डॉक्टर के इंतजार में परेशान हो गए। उन्होंने हंगामा किया और देरी से पहुंचने पर वीडियो बना लिया। इसके वायरल होने पर स्वास्थ्य महकमे में हलचल मच गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख में डा. नीरज शाक्य तैनात हैं। बुधवार को देरी से मरीजों के बीच पहुंचने और विरोध करने पर तानाशाही दिखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों ने वायरल कर दिया। वीडियो में दिखाया गया है कि अस्पताल खोलने के एक घंटे बाद ओपीडी कक्ष में डॉक्टर पहुंचे। वहां मरीजों की भीड़ लगी थी। इस पर वह भड़क गए और परीक्षण करने की बजाए चिल्लाना शुरू कर दिया। इसका वहां मौजूद एक तीमारदार ने विरोध किया तो डॉक्टर साहब ने आला अधिकारियों से शिकायत करने की बात कह दी। इसको लेकर मरीज भड़क गए। उन्होंने हंगामा किया। मरीजों ने बताया कि वह लोग सुबह 10.30 बजे से कक्ष के सामने खड़े हैं। 11 बजे तक किसी के न आने पर सीएमएस को जानकारी दी। इसके काफी देर बाद डाक्टर कक्ष में पहुंचे। सीएमओ की शिकायत को लेकर वह मरीजों को हड़काने लगे। मरीजों ने बताया कि करीब एक सप्ताह से डॉक्टर का यही आलम है। कई बार अस्पताल में दवा न होने की बात कहकर मरीजों को वापस कर देते हैं। डॉक्टर नीरज शाक्य ने बताया कि बुधवार को कुछ देर के लिए लंच पर चला गया था। इस पर लोगों ने हंगामा कर दिया। जो भी आरोप लगाए गए हैं। वह निराधार हैं। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अजहर सिद्दीकी ने बताया कि वह जिला मुख्यालय पर बैठक में हैं। मामले की जानकारी नहीं है। अस्पताल पहुंचकर ही कुछ कहा जा सकेगा।