महिलाओं की सुरक्षा के दावे निकले हवा हवाई
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : अपराध मुक्त प्रदेश व महिलाओं की सुरक्षा का दम भरने वाली भाजपा के स
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : अपराध मुक्त प्रदेश व महिलाओं की सुरक्षा का दम भरने वाली भाजपा के सभी दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। सोमवार को यह बात समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव अंजू मिश्रा ने आवास विकास कालोनी स्थित अपने घर पर पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की विफलता का प्रमाण उन्नाव और कठुआ कांड हैं। एक में अपनी बेटी के लिए न्याय मांगने वाले पिता की जेल में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, दूसरी घटना में मासूम बालिका का क्षत-विक्षत शव मंदिर परिसर में पड़ा मिला। उत्तर प्रदेश सरकार में बीजेपी विधायक पर समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। न्यायालय के हस्तक्षेप पर कदम बढ़ाए गए। सपा सरकार में चलाई गई सभी योजनाएं सरकार में बंद कर दी गई हैं। लड़कियों की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया। वह भी अब नजर नहीं आता है। व्यापारी भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा भाजपा नेताओं पर उल्टा साबित हो रहा है। इस सरकार से लोगों को न्याय मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम करने की मांग प्रदेश व केंद्र सरकार से की। इस दौरान प्रीति त्रिपाठी, सुमन शाक्य, मंजू त्रिपाठी व प्रियांशी त्रिपाठी समेत अन्य रहीं।