यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कन्नौज दुष्कर्म मामले में बड़ा खुलासा, नवाब सिंह यादव के पीड़िता की बुआ से थे अवैध संबंध
कन्नौज में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपी ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया ...और पढ़ें

HighLights
- पुलिस ने दुष्कर्म मामले में आरोपित बुआ को किया गिरफ्तार
- आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
- पुलिस गिरफ्त में बोली बुआ, पूर्व ब्लाक प्रमुख से थे अवैध संबंध
जागरण संवाददाता, कन्नौज। सगी भतीजी से दुष्कर्म में पूर्व ब्लॉक प्रमुख का सहयोग करने वाली बुआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस दौरान आरोपित बुआ ने बताया कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव से करीब पांच साल से उसके अवैध संबंध थे।
नवाब सिंह के फोन करने पर अपनी भतीजी के साथ उसके डिग्री कॉलेज पहुंची थी। किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पूर्व ब्लाक प्रमुख के भाई ने उसे जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण न करने और कोर्ट में बयान बदलने के लिए काफी रुपए देने की बात कही थी।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। किशोरी से दुष्कर्म के बाद पहले तो महिला ने पुलिस का सहयोग किया था। इसके बाद वह बयान बदलने लगी थी। जांच में सामने आया कि महिला ने अपनी भतीजी से दुष्कर्म में नवाब सिंह का सहयोग किया है। इससे उसे भी मुलजिम बनाया गया है।
आपत्तिजनक हालत में पुलिस ने किया था गिरफ्तार
10 अगस्त की रात करीब 11 बजे तिर्वा कोतवाली के एक गांव में रहने वाली 38 वर्षीय महिला अपनी 15 वर्षीय भतीजी के साथ पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव के चौधरी चंदन सिंह डिग्री कालेज पहुंची थी। यहां रात दो बजे किशोरी ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी थी कि कालेज का संचालक नवाब सिंह उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा है। इससे पुलिस ने दबिश देकर आपत्तिजनक हालत में नवाब सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।
इस दौरान पीड़िता की बुआ ने आरोपित का बचाव करते हुए तहरीर देने से इन्कार कर दिया था, लेकिन पीड़िता ने छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 12 अगस्त को पीड़िता ने कोर्ट में पूर्व ब्लाक प्रमुख द्वारा दुष्कर्म करने के बयान दर्ज कराए थे।
