बारिश से सड़कें जलमग्न, लोग घरों में कैद
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : नगर में जल निकासी के इंतजाम की पोल बारिश ने शनिवार को खोल दी। ज
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : नगर में जल निकासी के इंतजाम की पोल बारिश ने शनिवार को खोल दी। जगह-जगह सड़कें व गलियां जलमग्न हो गईं। इससे लोग घरों में कैद रहे। कोतवाली समेत सरकारी कार्यालयों के परिसरों में भी कर्मियों को जलभराव से जूझना पड़ा। इससे नगर पालिका के प्रति नाराजगी साफ दिखी।
शनिवार सुबह अचानक आसमान पर काले बादल छा गए। इसके बाद शुरू हुई बरसात से हर तरफ पानी ही पानी दिखाई पड़ा। पानी निकासी के लिए लाखों का बजट खर्च करने वाली नगर पालिका के इंतजाम नाकाफी साबित हुए। प्रोफेसर कालोनी, गुरुद्वारा रोड, सब्जी मंडी, नई बस्ती, गनी मार्केट के पीछे की कालोनी समेत अन्य जगहों पर जलभराव के हालात नजर आए। प्रोफेसर कालोनी व गुरुद्वारा रोड पर घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया। यहां पहले भी जलभराव प्रदर्शन हुए लेकिन हालात नहीं सुधरे हैं। गनी मार्केट के पीछे निकलने का रास्ता ही बंद हो गया। कच्ची सड़क पर जलभराव के कारण लोगों को निकलने में मुश्किल हुई। सौरिख रोड पर कालिका देवी मंदिर के सामने बस्ती की स्थिति भी बेहद खराब रही। यहां रहने वाले लोग घुटनों तक पानी में घुसकर निकले। कमोवेश ऐसी ही स्थिति नगर के बाकी इलाकों की रही। अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि नीचे इलाकों में जलभराव हुआ है। इसके लिए नाला बनवाए जा रहे हैं। लोगों की समस्या का जल्द निराकरण कराया जाएगा।
सड़क पर दिखा सन्नाटा
छिबरामऊ : शनिवार सुबह बच्चे तो स्कूलों के लिए निकल गए लेकिन बड़े बारिश के कारण नहीं निकल पाए। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश के बाद सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग नजर आए। ई-रिक्शा चालक पालीथिन का सहारा लेकर यात्रियों की सुरक्षा करते दिखे। जरूरी काम वाले लोग छाता लगाकर निकले। बारिश के कारण सरकारी दफ्तरों में कर्मियों का टोटा रहा। कुछ कर्मी पहुंचे तो वह पूरे दिन हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। बारिश की वजह से फरियादी भी नहीं आए। कच्चे मकान वाले लोग भगवान से बारिश रुकने को लेकर प्रार्थना करते रहे।
.