विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटा कंटेनर, सरसों के तेल के 600 कार्टन लूटकर ले गए लोग

Published: Sun, 13 Sep 2026 12:53 PM (IST)

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कंटेनर पलट गया, जिसके बाद राहगीरों ने उसमें से सरसों तेल के 600 कार्टन उठा लिए।

HighLights

  1. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पलटा कंटेनर।

  2. हादसे के बाद राहगीर 600 कार्टन सरसों तेल उठा ले गए।

  3. ट्रांसपोर्ट कंपनी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

संवाद सूत्र, कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से डिवाइडर से टकराकर कंटेनर पलट गया। हादसे में सड़क पर बिखरे सरसों तेल के 600 कार्टन लोग उठा ले गए। इस आरोप में ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।

हरियाणा थाना भिवानी के गांव सिवाड़ा निवासी रिंकू पुत्र बलबान ने थानाध्यक्ष को बताया कि वह जयपुर के आसाम केरला रोडवेज प्राइवेट लिमिटेड़ ट्रांसपोर्ट का प्रतिनिधि है। पांच सितंबर को जयपुर की मदर डेयरी फ्रूटस एंड वेजिटेबल्स लिमिटेड से एक गाड़ी में 2062 कार्टन लादे गए थे।

600 कार्टन राह चलते लोग उठाकर ले गए

सरसों के तेल की कट्टी व पाउच पैकट लोड करके ये गाड़ी असम के सिलीगुड़ी जा रही थी। आठ सितंबर की रात 2.30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना तालग्राम क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने कंटेनर में टक्कर मार दी। इससे कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया।

कंटेनर चालक घायल होने पर बेहोश हो गया। कुछ पैक फट कर फैल गए। वहीं 600 कार्टन राह चलते लोग उठाकर ले गए। इससे कंपनी का आर्थिक नुकसान हुआ। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष रंजना पांडेय ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Ganga Flood: कन्नौज में बाढ़ का खतरा, कासिमपुर और बख्सीपुर्वा गांव में पहुंचा पानी