विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बॉलीवुड की अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ NBW, झांसी के एक युवक को टीवी के लाइव शो में किया था बेइज्जत

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:09 PM (IST)

NBW Against Rakhi Sawant: रियलिटी शो 'राखी का इंसाफ' के दौरान अभिनेत्री राखी सावंत ने लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार को पत्नी ...और पढ़ें

बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत

बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत 

HighLights

  1. ‘राखी का इंसाफ’ शो में 16 वर्ष पहले राखी सावंत ने युवक को कहा था- नामर्द

  2. बेइज्जत होने के बाद सदमे में आए युवक की हो गई थी मौत, एक दिसंबर को सुनवाई

जागरण संवाददाता, झांसी :बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ झांसी कोर्ट ने शनिवार को गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। 16 वर्ष पहले ‘राखी का इंसाफ’ शो में राखी सावंत ने झांसी के रहने वाले 24 वर्ष के लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार को बेइज्जत किया था। राखी सावंत ने अहिरवार को नामर्द कहा था और उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से कोर्ट में सुनवाई हो रही है।

लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार की मां की शिकायत पर राखी सांवत के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। कई बार समन पर राखी सावंत कोर्ट में पेश नहीं हो रही थीं। गैर जमानती वारंट पर राखी सावंत ने कहा- जेल भी जाना पड़े, तो चले जाएंगे। मैं तो एक होस्ट थी, जो मुझे चैनल बोलने के लिए कहता, मैं बोलती थी। इस मामले की अगली सुनवाई सीएडब्ल्यू (एफटीसी) कोर्ट में अब एक दिसंबर को होगी।

एक दिसंबर को न्यायालय में पेश करने के आदेश

सिविल जज जुडिशल (एफटीसी सीएडब्लू) अंजली की अदालन ने राखी सावंत व उनकी टीम को गिरफ्तार कर एक दिसंबर 2026 को न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए हैं। यह मामला प्रेमनगर पुलिस ने वर्ष 2010 में दर्ज किया गया था। न्यायालय में वाद चला, लेकिन राखी पेशी पर भी नहीं आ रही थीं।

लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार झांसी के प्रेमनगर (टोरिया मोहल्ले) के रहने वाले थे। वह ठेले पर सब्जी बेचते थे। वर्ष 2010 में टेलीविज़न के रियलिटी शो 'राखी का इंसाफ' के दौरान अभिनेत्री राखी सावंत ने लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार को पत्नी के सामने नेशनल टेलीविजन पर ‘नामर्द’ और ‘नपुंसक’ कहकर अपमानित किया था। इस अपमान के बाद लक्ष्मण सदमे में आ गए थे और उन्होंने आत्महत्या कर ली थी ।

जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) मृदुलकान्त श्रीवास्तव ने बताया कि एक न्यूज चैनल (एनडीटीवी इमेजिंग) पर वर्ष 2010 में ‘राखी का इंसाफ’ कार्यक्रम के दौरान शो की होस्ट राखी सावंत ने झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हँसारी निवासी लक्ष्मण को उसकी पत्नी व परिजनों के सामने अपशब्द कहने के साथ 'नामर्द' कह दिया था। पूरे देश में इस कार्यक्रम का प्रसारण होने के बाद लक्ष्मण ने घर आकर कुछ दिनों बाद आत्महत्या कर ली थी।

प्रेमनगर पुलिस ने अभिनेत्री राखी सावंत समेत उनकी टीम के खिलाफ अपराध संख्या 572/2010 धारा 294, 500, 501, 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारम्भ कर दी थी। इस मामले की विवेचना प्रेमनगर के बाद थाना सीपरी बाजार को सौंपी गई थी। पुलिस ने विवेचना करते हुए न्यायालय में राखी सावंत सहित आदि के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल कर दिया था। न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान 16 अक्टूबर 2026 को अदालत ने बॉलिवुड अभिनेत्री राखी सावंत आदि के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर पुलिस को उनकी गिरफ्तारी कर 1 दिसंबर 2026 को न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

लक्ष्मण की मां ने इस मामले में राखी सावंत के खिलाफ अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी। अदालत में लगातार पेशी पर उपस्थित न होने के कारण, झांसी की कोर्ट ने शनिवार को अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इस मामले की अगली सुनवाई एक दिसंबर को तय की गई है।