बदलते मौसम में मंडराया स्वाइन फ्लू का खतरा, झांसी में स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
ललितपुर में स्वाइन फ्लू के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक महिला में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण मिले हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ललितपुर। गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ के बाद अब ललितपुर में भी स्वाइन फ्लू के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती ललितपुर की एक महिला में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हलचल बढ़ गई है। विभाग ने एडवायजरी जारी करते हुये कहा है कि इससे बचाव ही उपाय है।
जानकारी मुताबिक महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में करीब 12 दिन से ललितपुर की एक महिला का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, पटेल नगर निवासी इस महिला को तेज बुखार, खांसी, बदन दर्द और सिरदर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शुरुआत में इसे सामान्य वायरल संक्रमण मानकर इलाज शुरू किया गया, लेकिन कई दिनों बाद भी सेहत में सुधार नहीं हुआ। अब महिला को अत्यधिक थकान और सांस लेने में परेशानी हो रही है। डॉक्टरों का कहना है कि ये लक्षण स्वाइन फ्लू से मिलते-जुलते हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज में जांच की सुविधा न होने के कारण बीमारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पा रही है।
जांच का अभाव बड़ी चुनौती
जिले में स्वाइन फ्लू की जांच की व्यवस्था न होना स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने एक बड़ी चुनौती है। यहां संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिये लखनऊ भेजने पड़ते हैं, जिससे रिपोर्ट आने में काफी समय लग जाता है।
बदलते मौसम से बढ़ी मुश्किलें
बारिश और बदलते मौसम के चलते वायरल संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें बच्चों की संख्या भी काफी ज्यादा है। इनमें अधिकांशत: वायरल के ही मरीज सामने आ रहे हैं।
बचाव ही सबसे बड़ा उपाय
डॉ. देशराज ने बताया कि यह बीमारी एक से दूसरे व्यक्ति में फैल सकती है। इससे बचने के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, मास्क पहनें और बार-बार नाक या मुंह को न छुएं। इसके प्रमुख लक्षण तेज बुखार, ठण्ड लगना, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और सांस लेने में तकलीफ होती है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरन्त डॉक्टर से सलाह लें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.वीरेन्द्र सिंह का कहना है कि जिले में अभी स्वाइन फ्लू का कोई स्थानीय मरीज नहीं मिला है। लोगों को घबराने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। इसके लिए सभी चिकित्सा प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया है।
