विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा, बीएचयू में एक सप्ताह में मिले 24 मरीज

Published: Wed, 26 Aug 2026 09:01 AM (IST)

वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में एक सप्ताह में 24 स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आए हैं, जहां रोजाना 20-25 संदिग्धों ...और पढ़ें

रोजाना 20-25 संदिग्ध मरीजों की हो रही जांच, पांच-छह मिल रहे संक्रमित। सांकेतिक तस्वीर

रोजाना 20-25 संदिग्ध मरीजों की हो रही जांच, पांच-छह मिल रहे संक्रमित। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. बीएचयू में एक सप्ताह में 24 स्वाइन फ्लू मरीज मिले।

  2. रोजाना 20-25 संदिग्धों में से 5-6 संक्रमित पाए जा रहे।

  3. उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू अलर्ट।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। कोरोना और स्क्रब टाइफस के बाद अब स्वाइन फ्लू के मामले भी बढ़ने लगे हैं। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में एक सप्ताह में 24 मरीज सामने आए हैं। रोजाना करीब छह-सात नए मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 20-25 संदिग्ध मरीजों की आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है, जिनमें पांच-छह की रिपोर्ट पाजिटिव मिल रही है।

मरीजों के इलाज के लिए दो पीडियाट्रिक और दो मेडिसिन वार्ड में व्यवस्था की गई है। सर सुंदरलाल अस्पताल में वाराणसी के अलावा पूर्वांचल, पश्चिमी बिहार और मध्यप्रदेश से भी मरीज उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल में स्वाइन फ्लू के लिए पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। ओपीडी में मरीजों को संक्रमण से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर के अस्पतालों को अलर्ट किया है। जिलों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की निगरानी, जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ डा. एनपी सिंह ने बताया कि सर्दी-जुकाम, बुखार, मांसपेशियों में दर्द और सांस संबंधी परेशानी स्वाइन फ्लू के लक्षण हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- काशी के तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर का रहस्य क्या है? जहां हर साल तिल के बराबर बढ़ता है स्वयंभू शिवलिंग

पीसीआर या आरटीपीसीआर जांच से ही संक्रमण की पुष्टि होगी। वहीं, ललितपुर में भी झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती महिला में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण मिले हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सीएमओ डा. वीरेंद्र सिंह ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की है।