झांसी में 2 जगह हाई-वोल्टेज ड्रामा: महिला के लिए भिड़े 2 युवक, SSP ऑफिस के बाहर प्रेमी संग पकड़ी गई लड़की
झाँसी में दो अलग-अलग घटनाओं में युवतियों से जुड़े विवाद सामने आए।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI के माध्यम से बनाया गया है।
HighLights
आवास कॉलोनी में दो युवक युवती के लिए भिड़े।
बीच सड़क पर हंगामा, घटना का वीडियो वायरल हुआ।
एसएसपी कार्यालय के बाहर परिजनों ने बेटी को पीटा।
जागरण संवाददाता, झांसी। आवास कॉलोनी में एक युवती को अपने साथ ले जाने के लिए दो युवक आपस में भिड़ गए। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होते ही लोगों ने अपने-अपने अन्दाज में टिप्पणी करनी प्रारम्भ कर दी।
वायरल वीडियो सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास का बताया गया है। इसमें बीच सड़क पर एक युवती को अपने साथ ले जाने के लिए दो युवकों में विवाद हो रहा है। आसपास दर्जनों तमाशबीन खड़े हैं। दोनों युवक उस युवती को अपने साथ ले जाने के लिए खींचतान कर रहे हैं। इस दौरान युवती के चेहने पर न तो कोई संकोच दिख रहा और न ही वह डर अथवा सहम रही है। एक युवक उससे विवाह करने की बात कर रहा है तो दूसरा भी उसे अपना बनाने की बात कह रहा है। उसे जो युवक पकड़ता, उसी की ओर जाती दिख रही है।
आधा घण्टे तक चले इस ड्रामे के बीच एक युवक ने दूसरे के साथ हाथापाई भी कर दी और बाद में युवती को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस घटना से पुलिस अनभिज्ञता जता रही है। यह वीडियो कब का है और दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
झाँसी में प्रेमी के साथ घर से निकली युवती को एसएसपी कार्यालय के बाहर अपने ही परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ा। तलाश करते हुए पहुँचे माता-पिता की नजर युवती पर पड़ी तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि माता-पिता ने युवती के साथ मारपीट कर दी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। इसकी जानकारी होने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एसएसपी कार्यालय के बाहर युवती दिखाई दे गई। उसकी माँग में सिन्दूर भरा था। उसे देखते ही माता-पिता ने युवती को पकड़ लिया। इसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। युवती के साथ हुई मारपीट को देखकर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
हंगामे के बाद युवती को उसकी माँ एसएसपी के समक्ष पेश करने ले जाने लगी तो उसके साथ के लोगों ने ही कार्यालय के गेट पर रोक लिया और लोकलाज का हवाला देते हुए सभी वापस हो गए। उधर, युवती के साथ मौजूद युवक मौका पाकर भाग निकला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।