विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में पांच साल की बेटी के सामने टीचर पिता को मार डाला, पत्थर से सिर कूचा; बहन के ससुरालियों पर आरोप

Published: Wed, 12 Aug 2026 01:31 PM (GMT+05:30)

ललितपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक शिक्षक अभय सिंह की पत्थरों से मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें उनकी पांच वर्षीय बेटी भी घायल हुई।

ललितपुर में टीचर की हत्या।

ललितपुर में टीचर की हत्या।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, झांसी। कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के कारण हत्या का दूसरा प्रकरण सामने आया है। अभी बुढ़वार रोड पर हुई घटना का मामला शान्त नहीं हुआ था कि खोंखरा के समीप झरकौन निवासी एक युवक को 6 से ज्यादा लोगों ने पत्थरों से मारकर घायल कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

साथ ही उसकी 5 वर्षीय बेटी के साथ दबंगों ने मारपीट की है। मृतक का विवाद उसकी बहिन के सुसराल पक्ष व उनके रिश्तेदारों से रंजिश थी।

ग्राम झरकौन निवासी शिक्षक अभय सिंह सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी 5 वर्षीय बेटी भाग्यश्री और साथी शिक्षक महिपाल के साथ घर लौट रहे थे। कचनौंदा कला-खोखरा मार्ग पर गढ़ाघाट पेट्रोल पंप के पास पिकअप सवार तुलसी, चंदन, मोरसिंह, मनोहर, राजेश और देवेंद्र सहित अन्य लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

पिकअप सवारों ने शिक्षक से रुपये मांगे। पैसे देने से मना करने पर गाली देना शुरू कर दिया और विरोध करने पर लात-घूंसों से पिटाई करने लगे। बेटी के चिल्लाने और विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी पिटाई की।

शिक्षक के सिर पर किया पत्थर से हमला

इसी दौरान शिक्षक के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले। घायल शिक्षक को जिला मेडिकल कॉलेज में इलाज के भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

झांसी से चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर ले जाने की सलाह दी। ग्वालियर ले जाते समय सोमवार देर रात रास्ते में शिक्षक ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल बेटी का इलाज जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

मृतक के साले केहर सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

शव लेकर परिजन पहुंचे एसपी ऑफिस

परिजन शव लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे, जहां पर उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह के आश्वासन के बाद परिजन वहां से चले गए।

वर्ष 2023 से चल रही है रंजिश

मृतक के परिजन ने बताया कि अभय की बहिन मनीषा की शादी मध्य प्रदेश के जिला अशोकनगर अन्तर्गत ग्राम सहराई में हुई थी। वर्ष 2023 में ग्राम झरकौन में उसका बहनोई रामकुमार आया था, जहां पर कुंए में गिरने से रामकुमार की मौत हो गई थी।

रामकुमार के भाई राजेश की तहरीर पर अभय, उसके भाई सोनसिंह व पिता मगन के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। बाद में हत्या की पुष्टि न होने पर पुलिस ने तीनों को गैर इरादतन हत्या के मामले में जेल भेजा था। तभी से इस परिवार से रंजिश चल रही थी।

साथ ही झरकोन निवासी रामकुमार के रिश्तेदार भी रंजिश मानने लगे थे। अभय के परिजनों ने बताया कि इसके बाद कई बार अभय व सोनसिंह पर हमले हुए, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे उनके हौसले बुलन्द थे।

उन्होंने बताया कि 30 अगस्त 2024 अभय को कार से टक्कर मारी गई थी। 17 दिसम्बर 2024 को फिर से अभय पर हमला हुआ था। 18 फरवरी 2025 को सोनसिंह पर हमला हुआ। 17 मार्च 2025 को सोन के पुत्र शिवांश पर हमला हुआ। इसमें पुलिस ने मामला तो दर्ज नहीं किया, बल्कि विपक्षी आकाश का शान्तिभंग धाराओं में चालान किया था। अन्य मामलों ने पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का परिजनों ने आरोप लगाया है।

कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम खोखरा निवासी अभय सिंह की हत्या की खबर मिली है। जांच के दौरान पता चला कि दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं। दोनों में पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते यह घटना हुई है। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर ललितपुर

यह भी पढ़ें- UP कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार को घेरा, फर्जी एनकाउंटर और ब्राह्मणों की हत्या का लगाया आरोप