झांसी में नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 करोड़ के माल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने झांसी में एक नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जिसमें लगभग 2 करोड़ रुपये का नकली माल बरामद हुआ है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
झांसी में नकली सिगरेट फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़।
करीब 2 करोड़ रुपये का नकली सिगरेट और सामग्री बरामद।
मुख्य आरोपी श्रीनिवास मिश्रा को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, झांसी। पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए करीब दो करोड़ रुपये का माल बरामद किया है। मौके से गोल्ड फ्लेक और विल्स ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही नकली सिगरेट, तंबाकू, फिल्टर, पैकेजिंग सामग्री और चार मशीनें मिली हैं।
पुलिस ने उन्नाव जिले के अचलगंज क्षेत्र स्थित अटवा बंथर निवासी श्रीनिवास मिश्रा को गिरफ्तार किया है। वह झांसी के अंसल पाम कालोनी में किराये पर रहकर कारोबार चला रहा था।एसएसपी विकास कुमार के अनुसार, आईटीसी लिमिटेड के प्रतिनिधि ऋषु मिश्रा ने 18 अक्टूबर को शिकायत की थी कि कंपनी के ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बनाई जा रही हैं।
इसके बाद पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ गुमनावारा क्षेत्र में महाराणा प्रताप नगर स्थित गोदाम और फैक्ट्री में छापा मारा। वहां मशीनों से सिगरेट तैयार की जा रही थी। जांच में गोल्ड फ्लैक के 50 पैकेट वाले एक बॉक्स की सभी सिगरेट नकली मिलीं।
पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क
पुलिस ने तंबाकू के 81 बोरे, गोल्ड फ्लैक की पैकेजिंग सामग्री की 44 पेटियां, करीब 2.40 लाख विल्स फ्लेक के खाली पैकेट, फिल्टर रोल, रैपर और अन्य सामग्री बरामद की। सभी मशीनों और माल को सील कर दिया गया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह रायल स्काट और डिफेंडर ब्रांड के नाम से भी सिगरेट का कारोबार करता था।
इसी की आड़ में करीब तीन महीने से गोल्ड फ्लैक की नकली सिगरेट बना रहा था। शनिवार और रविवार को उत्पादन कर रविवार रात सप्लाई की जाती थी। मौके पर मिले सात मजदूरों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जांच कर रही है।
