विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में शादी तय होने से नाराज सिरफिरे प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर की हत्या, 6 घंटे बाद मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी

Published: Thu, 08 Oct 2026 12:03 AM (GMT+05:30)

झांसी में प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने दिनदहाड़े घर में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज था प्रेमी।

  2. दिनदहाड़े घर में घुसकर गोली मारकर की हत्या।

  3. पुलिस ने 6 घंटे में मुठभेड़ के बाद आरोपी दबोचा।

जागरण संवाददाता, झांसी। प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने और बातचीत बन्द होने से बढ़ी दूरी प्रेमी को बर्दाश्त नहीं हुई। बुधवार को प्रेमी ने दिनदहाड़े घर में घुसकर प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाईं। तलाश के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़ में आरोपी को दबोच लिया गया।

कार्यवाही के बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त अस्लिहा और वारदात के पीछे की पूरी कहानी की कड़ियां जोड़ रही है। प्रेम सम्बन्ध और चंचल की शादी तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत बन्द होना हत्या की मुख्य वजह बताई जा रही है। दिन दहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना से सिद्धेश्वर नगर में सनसनी फैल गई।

खोड़न से आइटीआई आकर रहने लगी थी चंचल
एसएसपी विकास कुमार के अनुसार सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लहरगिर्द खोड़न की मूल निवासी चंचल रायकवार (19) पुत्री सोनू रायकवार के माँ शीला आईटीआई के पास सिद्धेश्वर नगर में रहती है। चंचल का खोड़न में घर के सामने रहने वाले कमल रायकवार से प्रेम प्रसंग था। परिवार को दोनों के सम्बन्ध की जानकारी हो गई थी। इसके बाद पिता ने चंचल को खोड़न से हटाकर दादी शीला के पास सिद्धेश्वर नगर में रहने भेज दिया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लगभग एक वर्ष से प्रेम सम्बन्ध था। दोनों के बीच शादी की बात भी चल रही थी। बाद में परिवार ने चंचल की शादी दूसरी जगह तय कर दी। इसके बाद कमल और चंचल के बीच बातचीत बन्द हो गई। लगभग एक माह से दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं। शादी तय होने से नाराज कमल लगातार चंचल से मिलने का प्रयास कर रहा था।

दादी लौटीं तो आंगन में पड़ा था खून से लथपथ शव
बुधवार को चंचल घर में अकेली थी। उसकी दादी किसी काम से बाहर गई थीं। अपराह्न लगभग 3 बजे वह वापस लौटीं। तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। आसपास के लोगों की मदद से अन्दर देखा गया तो आंगन में चंचल रक्तरंजित हालत में पड़ी थी। उसके सिर में गोली लगी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सीपरी बाजार थाना पुलिस के साथ फॉरेन्सिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। एसएसपी विकास कुमार, एसपी सिटि प्रीति सिंह, स्वाट टीम समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

दीवार फांदकर आया, कनपटी पर गोली मारकर भागा
पुलिस की प्रारम्भिक जांच के अनुसार कमल पीछे की ओर से घर की चाहरदीवारी फाँदकर अन्दर दाखिल हुआ। उस समय चंचल घर में अकेली थी। आरोपी ने उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद दीवार फांदकर भाग गया। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या की घटना से मोहल्ले में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों और सम्भावित ठिकानों पर भी छानबीन शुरू कर की।

चाचा को रास्ते में मिला तो बोला- भतीजी को मार आया हूं
चंचल के चाचा मोनू रायकवार ने पुलिस को बताया कि वह दिन में अपनी माँ के न होने पर चंचल को सिद्धेश्वर नगर स्थित घर में छोड़कर आया था। इसके बाद वह खोड़न वाले घर की ओर चला गया। रास्ते में कमल मिला। उसके हाथ में तमंचा था। उसने चाचा को धमकाया।

चाचा के अनुसार कमल ने कहा कि वह चंचल को गोली मारकर आया है और वह दादी के घर में पड़ी है। यह सुनकर वह घबरा गया और तत्काल अपनी माँ के घर पहुँचा। वहाँ चंचल को आंगन में मृत पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

हत्या के बाद तलाश, घेराबंदी में पुलिस से भिड़ा
हत्या के बाद कमल के फरार होने की सूचना मिलते ही एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें सक्रिय कर दीं। सम्भावित ठिकानों पर दबिश के साथ ही सर्वेलन्स और मुखबिर तंत्र को लगाया गया। पुलिस की घेराबन्दी के दौरान आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।

इन्होंने कहा चंचल हत्याकाण्ड में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने लगातार दबिश देकर आरोपी को ट्रेस किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम से बचने का प्रयास किया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में हत्या के कारण, वारदात में इस्तेमाल असलहा और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।'- विकास कुमार एसएसपी, झांसी

विधायक ने की परिजनों से मुलाकात
घटना की जानकारी लगने पर विधायक रवि शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने चंचल के परिजनों से मुलाकात करते हुए उन्हें ढाढस बंधाया और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अन्य भाजपाई भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के झूंसी में बनेगी अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक यूनिवर्सिटी, 75 एकड़ जमीन पर होगा निर्माण