झांसी में मालिक के बेटे का अपहरण कर 15 लाख लूटने वाले ड्राइवर की पुलिस से मुठभेड़
गुरसराय में मालिक के बेटे का अपहरण कर 15 लाख लूटने वाले ड्राइवर आशीष अवस्थी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस गिरफ्त में आरोपी। सौ. पुलिस
HighLights
मालिक के बेटे का अपहरण कर ड्राइवर फरार हुआ।
स्कॉर्पियो से 15 लाख रुपये और मोबाइल लूटा।
पुलिस मुठभेड़ में ड्राइवर व साथी घायल, गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, झांसी। गुरसराय में पेट्रोल पम्प पर खड़ी स्कॉर्पियो से छह साल के बच्चे को लेकर फरार होने और 15 लाख रुपये लूटने की घटना में पुलिस ने 12 दिन बाद बड़ा खुलासा किया है। वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार का भरोसेमन्द चालक आशीष अवस्थी ही निकला।
उसने बच्चे को स्कॉर्पियो में बैठाकर गाड़ी दौड़ा दी और कुछ दूर जाकर बच्चे को वाहन में ही छोड़कर 15 लाख रुपये नकद व महिला का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ में आशीष और उसके साथी विशाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह थी घटना
10 नवम्बर को झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला पन्नालाल गोला कुआं निवासी अनुराग सिंह अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे सार्थक के साथ स्कॉर्पियो (यूपी 93 बीके 7274) से गुरसराय क्षेत्र के एरच रोड स्थित पेट्रोल पम्प पर डीजल भरवाने पहुँचे थे। इस दौरान अनुराग अपनी पत्नी के साथ बाथरूम चले गए। गाड़ी में उनका बेटा सार्थक और चालक आशीष अवस्थी मौजूद था। इसी बीच आशीष बच्चे समेत स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबन्दी कर तलाश शुरू की। मोठ थाना क्षेत्र में कुम्हरार पुल के पास सर्विस रोड पर स्कॉर्पियो खड़ी मिल गई। उसमें बच्चा सकुशल बैठा था, लेकिन चालक गायब था। चालक आशीष गाड़ी में रखे 15 लाख रुपये और अनुराग की पत्नी का मोबाइल लेकर भाग निकला था। पुलिस ने बच्चे को माता-पिता के सुपुर्द कर दिया था।
चार टीमों ने शुरू की तलाश, साथी के साथ दबोचा
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी विकास कुमार ने चार पुलिस टीम का गठन किया था। एसपी (ग्रामीण) डॉ. अरविन्द कुमार के निर्देशन और सीओ (गरौठा) पियूष कुमार के नेतृत्व में गुरसराय पुलिस, स्वाट और सर्वेलन्स टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी बीच 21 और 22 नवम्बर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि रुपए लेकर भागने वाला चालकि आशीष अपने साथी विशाल शर्मा के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा है।
पुलिस टीम ने गुरसराय थाना क्षेत्र स्थित ग्राम अड़जरा से आगे सोलर पावर प्लाण्ट गैस गोदाम जाने वाले रास्ते पर घेराबन्दी की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नकदी के साथ सोने के आभूषण भी बरामद
पुलिस ने आशीष के कब्जे से 31,120 रुपये, सोने के दो टॉप्स और एक सोने की जंजीर बरामद की। उसके साथी विशाल से 19,150 रुपये और सोने की एक पतली चेन मिली। दोनों के पास से 50,270 रुपये नकद, लगभग 1.60 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण, चार मोबाइल फोन, दो तमंचे 315 बोर, दो जिन्दा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। एक मोटरसाइकिल भी मिली है।
विशाल पर 22, आशीष पर 2 मुकदमे
गिरफ्तार हुआ लखनऊ की साईं सिटि निवासी विशाल शर्मा का आपराधिक इतिहास भी लम्बा है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ लखनऊ, कानपुर नगर, अयोध्या और रायबरेली समेत विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, जानलेवा हमले, आर्म्स ऐक्ट और गैंग्स्टर ऐक्ट के तहत 22 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित ईसाई टोला निवासी आशीष अवस्थी के खिलाफ गुरसराय में दर्ज लूट के मुकदमे के अलावा कानपुर नगर के गोविन्दनगर थाने में पॉक्सो ऐक्ट समेत गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस टीम को मिली सफलता
आरोपियों से मुठभेड़ कर उन्हें गिरफ्तार करने वाली टीम में गुरसराय थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक सूर्यकान्त त्रिपाठी, सर्वेलन्स प्रभारी मोहित यादव, स्वॉट टीम के अर्पित चौहान और सत्यम मिश्रा आदि शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।