विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक रील ने झांसी के दंपती को रातों-रात बना दिया लखपति, छह महीने की मेहनत के बाद मिले 4 नायाब हीरे

Published: Fri, 02 Oct 2026 10:47 PM (IST)

झांसी के एक दंपती को पन्ना की खदान में छह महीने की मेहनत के बाद चार हीरे मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये है।

झांसी की महिला को पन्ना में एक साथ मिले चार हीरे।

झांसी की महिला को पन्ना में एक साथ मिले चार हीरे।

HighLights

  1. झांसी के दंपती को पन्ना की खदान में मिले चार हीरे।

  2. छह महीने की कड़ी मेहनत से 5.16 कैरेट के हीरे मिले।

  3. इन हीरों की अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये है।

जागरण संवाददाता, झांसी। इंटरनेट मीडिया की एक रील ने झांसी के रहने वाले दंपती की किस्मत ही बदल दी। पन्ना की रत्नगर्भा धरती के बारे में सुनकर राजकुमार श्रीवास ने पत्नी गुड्डी देवी के साथ पन्ना के सरकोहा क्षेत्र में हीरे की खदान ली।

6 महीने की कड़ी मेहनत और विश्वास ने रंग दिखाया और दंपती को एक साथ चार नायाब हीरे मिले। कुल 5.16 कैरेट के इन हीरों में दो उज्ज्वल और दो मटमैले किस्म के हैं।

झांसी निवासी हीराधारक गुड्डी देवी श्रीवास एक साथ चार हीरे मिलने पर बेहद खुश है। उन्होने चारों हीरे शुक्रवार को जिला मुख्यालय में संयुक्त कलेक्टरेट स्थित हीरा कार्यालय पहुंचकर तुलवाए और नियमानुसार जमा कराए।

WhatsApp Image 2026-10-02 at 21.55.46 (2)

हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि सरकोहा की निजी खदान में महिला गुड्डी देवी को ये हीरे मिले हैं, जिनका वजन 5 कैरेट 16 सेण्ट है। इनमें दो हीरे उज्जवल किस्म के 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट व दो मटमैले किस्म के 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपए बताई जा रही हैं।

बाजार में बहुत मांग

मालूम हो कि उज्जवल किस्म के हीरों की बाजार में अच्छी कीमत व मांग होती है। इन हीरों को आगामी हीरा नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी में हीरों की जो भी अधिकतम बोली लगेगी, उससे रॉयल्टि काटने के बाद शेष राशि हीरा धारक को प्रदान की जायेगी। पति-पत्नी का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग वे बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में करेंगे।

यह भी पढ़ें- कानपुर में गांधी जयंती पर बंद रहे प्रमुख बाजार, व्यापारियों ने मनाया NO UPI Day