विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में ग्वालियर-शिवपुरी बाईपास पर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई बाइक, पति-पत्नी की मौत

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:10 PM (IST)

झांसी में ग्वालियर-शिवपुरी बाईपास पर एक ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्वालियर-शिवपुरी बाईपास स्थित झांसी एम्पायर सिटि के सामने ओवरब्रिज पर बुधवार की दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।

दोनों शिवपुरी के पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर निवासी थे और रिश्तेदारी में युवक के लिए बहू देखने सखी के हनुमान मन्दिर जा रहे थे।

बताया गया कि बालकृष्ण (45) अपनी पत्नी रामरती (42) के साथ बाइक से जा रहे थे। अपराह्न लगभग 1 बजे दोनों ओवरब्रिज पर पहुंचे। इसी दौरान उनके बराबर से एक अन्य बाइक भी चल रही थी। चर्चा है कि पीछे से आए किसी भारी वाहन के चालक ने हॉर्न बजाया। इससे बाइक सवार दंपति का सन्तुलन बिगड़ा और बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि गिरने के बाद दम्पति के ऊपर से भारी वाहन गुजर गया, जिससे उनकी मौत हुई।

हालांकि पुलिस ने भारी वाहन के ऊपर से गुजरने की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मेले में गर्लफ्रेंड के साथ खा रहा था छोले-भटूरे, अचानक पहुंच गई पत्नी; बीच सड़क खुली 'ओवर ड्यूटी' की पोल