झांसी में गोविन्द दास हत्याकांड: दो भतीजों समेत सात दोषियों को आजीवन कारावास
गोविन्द दास हत्याकांड में झांसी न्यायालय ने दो सगे भतीजों सहित सात अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
गोविन्द दास हत्याकांड में सात अभियुक्तों को आजीवन कारावास।
दो सगे भतीजे भी शामिल, भूमि विवाद था कारण।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सात माह में फैसला।
जागरण संवाददाता, झांसी। जमीन विवाद में हत्या के मामले में न्यायालय ने सात अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। हत्यारोपियों में 2 सगे भतीजे भी शामिल थे। इस मामले में कुछ आरोपियों को जमानत मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट की विशेष निगरानी में न्यायालय की कार्यवाही चली और आरोप पत्र दाखिल होने के महज 7 माह में ही फैसला आ गया। न्यायालय ने अभियुक्तों पर 6.26 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
अभियोजन पक्ष की पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक केशवेन्द्र प्रताप सिंह और कपिल करोलिया के अनुसार थाना लहचूरा पुलिस को तहरीर देते हुए शीला अहिरवार निवासी खरकामाफ ने बताया कि उसके पति गोविन्द दास अहिरवार उर्फ राजू का उसके भतीजे मनोज व नीरज से जमीनी मुकदमे चल रहे थे, जिसके चलते नीरज व मनोज के साथ सुरेश चन्द्र राय व उसके प्रधान भाई चुनावी रंजिश मानते थे।
कई बार इन लोगों ने गैंग बनाकर उसके पति के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। 5 जनवरी 2025 को शाम 5 बजे गोविन्द दास खेत से घर जा रहा था, तभी रास्ते में कछरा वाली गली के पास मनोज, नीरज, लाल सिंह उर्फ डाल चन्द्र, मिथ्या उर्फ मिथलेश, बालादीन, अम्मू उर्फ अमोल उर्फ रामनारायण, सुरेश चन्द्र राय ने एक राय होकर उसे रोका और गाली-गलौच करते हुए घेर लिया।
सभी ने लाठी-डण्डों, कुल्हाड़ी से हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। वादिया, पुष्पेन्द्र सिंह व अन्य लोग भी घटनास्थल पहुँच गए और गोविन्द दास को बचाने की कोशिश की। घटना की सूचना डायल 112 पर दी। घायल गोविन्द दास को उपचार के लिए मऊरानीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से मेडिकल कॉलिज रिफर कर दिया।
झांसी में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना लहचूरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया। 4 अप्रैल 2026 को न्यायालय ने मुकदमे को संज्ञान लिया और लगभग 7 माह में प्रभावी कार्यवाही कर आज फैसला सुनाया।
सोमवार को न्यायालय विशेष न्यायाधीश अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम नेत्रपाल सिंह ने गोविन्द दास अहिरवार हत्याकाण्ड के सातों अभियुक्तों पर हत्या का आरोप सिद्ध होने पर आजीवन कारावास और 72-72 हजार रुपए अर्थदण्ड से दण्डित किया। साथ ही सुरेश चन्द्र राय पर एससीएसटी ऐक्ट की बढ़ोत्तरी होने पर उस पर 72 हजार के साथ 50 हजार रुपए अतिरिक्त अर्थदण्ड लगाया।
इस तरह आरोपियों पर 6.26 लाख रुपए का अर्थदण्ड से दण्डित किया। इधर, हत्याकाण्ड में उच्च न्यायालय ने कुछ आरोपियों को जमानत दे दी थी, जिस पर मुकदमा वादी ने जमानत को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने मामले को त्वरित निस्तारण का आदेश दिया था और इस मुकदमे पर निगरानी की जा रही थी।
प्रधान अखिलेश राय की नामजदगी पायी गलत
इस मामले की विवेचना तत्कालीन क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकान्त गौतम ने की। विवेचना में सीसीटीवी फुटेज, वादिया के बयान, गवाहों से गोपनीय पूछताछ के बाद प्रधान अखिलेश राय की नामजदगी गलत पाते हुए मामले से उनका नाम हटा दिया गया, जबकि अभियुक्तों के खिलाफ आरोप-पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। इस मामले में एक गवाह के पक्षद्रोही होने पर भी न्यायालय ने सजा सुनायी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।