झांसी में दीवार गिरने से पांच मजदूरों की मौत, मलबे में दबे थे 15, चार गंभीर
झांसी में शनिवार को बरुआसागर थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुरा गांव में दीवार गिरने से मलबे में दबे करीब 15-16 मजदूरों में पांच की मौत हो गई।
झांसी, जेएनएन। स्टोन क्रशर की दीवार पर प्लास्टर के दौरान दीवार गिरने से 15 मजदूर दब गए। इसके बाद मची खलबली के बीच राहत कार्य शुरू किया गया, तब तक पांच मजदूरों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक जताने के साथ जिलाधिकारी को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। इसके साथ ही घायलों को तत्काल उचित इलाज कराने का भी निर्देश दिया है।
झांसी में शनिवार को बरुआसागर थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुरा गांव में दीवार गिरने से मलबे में दबे करीब 15-16 मजदूरों में पांच की मौत हो गई। यहां स्टोन क्रशर की दीवार पर कुछ मजदूर प्लास्टर कर रहे थे। तभी अचानक हादसा हो गया। इस हादसे के बाद मौके पर राहत बचाव कार्य शुरू हो गया है। कई गंभीर रूप से घायल हैं।
इस हादसे के बाद कैलाश स्टोन क्रशर सवालों के घेरे में आ गया है. आरोप है कि क्रशर की दीवार बनाने वाले मजदूरों का न तो कोई रजिस्ट्रेशन था, न हीं उन्हें कोई सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए गए थे। बिना किसी सुरक्षा उपकरणों से ही क्रशर पर मजदूरों से काम करवाया जा रहा था। इस मामले में कैलाश स्टोन क्रशर के मालिक भी सवालों के घेरे में हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने जिलाधिकारी को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही घायलों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए और पीडि़तों को अनुमन्य आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने हादसे के शिकार लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।